देशविदेश

पत्नी को बेहोश कर दोस्तों से करवाता रेप; खुद करता ऑनलाइन लाइवस्ट्रीम, पीड़िता ने TV पर खोली दरिंदे पति की पोल

शादी के बाद जिस शख्स पर एक महिला ने सबसे ज्यादा भरोसा किया, वही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा गुनहगार निकला। ब्रिटेन की एक महिला ने खुलासा किया है कि उसका पति उसे नशीली दवाएं देकर बेहोश कर देता था। इसके बाद दूसरे पुरुषों को घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करवाता था और खुद इन घटनाओं को देखता था। इतना ही नहीं, वह कथित तौर पर इन घटनाओं का ऑनलाइन सीधा प्रसारण भी करता था। महिला को करीब पांच साल तक अपने साथ हो रही इस हैवानियत का पता नहीं चला। एक रात अचानक नींद खुलने पर जब उसने खुद को एक अनजान व्यक्ति के यौन हमले का शिकार पाया और दरवाजे पर पति को खड़ा देखा, तब इस खौफनाक सच्चाई का खुलासा हुआ। अब महिला ने अपनी पहचान सार्वजनिक करते हुए ब्रिटिश टेलीविजन चैनल आईटीवी न्यूज पर आपबीती सुनाई है।

 

डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने इस सप्ताह अपनी पहचान सार्वजनिक करने का फैसला किया। उन्होंने आईटीवी न्यूज को बताया कि बाहर से उनका पति बिल्कुल सामान्य दिखाई देता था। परिवार की तस्वीरों में दोनों की जिंदगी खुशहाल नजर आती थी, लेकिन घर के भीतर उसका व्यवहार हिंसक और नियंत्रण करने वाला था। महिला के मुताबिक, पति उनकी डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाओं पर पूरा नियंत्रण रखता था। एक घरेलू वीडियो में भी वह उन्हें दवा लेने के लिए कहता दिखाई देता है। महिला को संदेह है कि इन दवाओं का इस्तेमाल उन्हें बेहोश रखने के लिए किया जाता था, ताकि पति दूसरे पुरुषों के साथ मिलकर उनका यौन शोषण कर सके। उन्होंने बताया कि पति कई बार उनके पेय पदार्थ में दवाओं का पाउडर मिला देता था। बाद में उसने जीएचबी नामक नशीले पदार्थ का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। यह ऐसा पदार्थ है, जिसके सेवन से व्यक्ति बेहोश हो सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, पति ने कार के पहिए साफ करने वाले एक रासायनिक पदार्थ के जरिए भी इसका इस्तेमाल किया था।

 

महिला ने उस रात का भयावह अनुभव भी साझा किया, जब पहली बार उन्हें अपने साथ हो रही हैवानियत का एहसास हुआ। उन्होंने बताया कि एक रात वह रसोई में पति के साथ बैठी थीं। पति ने साथ में पेय पीने का सुझाव दिया और उनके लिए जिन एंड टॉनिक बनाया। महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि पति उनके पेय में कुछ मिला सकता है। उन्हें यह भी याद नहीं कि उन्होंने पूरा पेय खत्म किया था या नहीं। कुछ घंटे बाद जब उनकी आंख खुली तो वह बिस्तर पर बिना कपड़ों के थीं और एक अनजान व्यक्ति उनका दुष्कर्म कर रहा था। उन्होंने तुरंत बगल में देखा तो पति दरवाजे पर खड़ा था। उस समय उन्हें लगा कि अब उनकी हत्या कर दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने हिम्मत दिखाई और तेजी से बिस्तर पर पीछे की ओर खिसकने लगीं। इसके बाद वह व्यक्ति उठकर वहां से भाग गया।

पांच साल तक जारी रहा यौन शोषण
बाद में महिला को पता चला कि उनके साथ यह अपराध केवल एक या दो बार नहीं हुआ था। पति लंबे समय तक उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश करता रहा और दूसरे पुरुषों को घर बुलाकर उनका यौन शोषण करवाता रहा। वर्ष 2022 में महिला के पति को इन अपराधों के लिए 14 साल और आठ महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी। उस समय उसकी उम्र 43 वर्ष थी और वह ब्रिस्टल का रहने वाला था। उसने तीन बार दुष्कर्म, तीन बार दुष्कर्म की कोशिश, एक यौन हमले और जहरीला पदार्थ देने के अपराध स्वीकार किए थे। अदालत ने उस पर आठ साल की निगरानी अवधि भी लगाई थी।

सात पुरुषों ने किया दुष्कर्म, सभी फरार
पति के जेल जाने के बाद भी महिला ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने उससे फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड की और मामले से जुड़े सबूत जुटाने शुरू किए। इसी दौरान उन्हें पता चला कि कुल सात पुरुष उनके साथ दुष्कर्म कर चुके थे। इनमें से आखिरी आरोपी दो बार उनके घर आया था। इस तरह महिला के साथ कुल आठ बार यौन हिंसा हुई थी।सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पति को सजा मिलने के बावजूद बाकी सात आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। महिला ने पुलिस की जांच में हुई देरी और कथित लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।

 पुलिस जांच पर उठे सवाल
आईटीवी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2021 में पुलिस ने उस रात महिला के बिस्तर की चादरें जब्त की थीं, जब उनकी आंख खुली थी और उन्होंने एक अनजान व्यक्ति को अपने साथ दुष्कर्म करते देखा था। हालांकि, इन चादरों की डीएनए जांच करीब 20 महीने बाद की गई।  महिला ने यह भी सवाल उठाया कि उनके घर के आसपास की सड़कों के सभी सीसीटीवी फुटेज क्यों नहीं जुटाए गए। इसके अलावा बिस्तर के ढांचे से अंगुलियों के निशान भी नहीं लिए गए। पुलिस ने उन्हें बताया था कि अब तक उस ढांचे को कई लोग छू चुके होंगे, इसलिए अंगुलियों के निशान हासिल करना मुश्किल है।

 

हालांकि, महिला ने बिस्तर के उस ढांचे को वर्षों तक संभालकर रखा। बाद में नई जांच टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।  एवन एंड समरसेट पुलिस ने कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि जांच के कुछ पहलुओं को लेकर महिला निराश महसूस कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला के पति को उसके अपराधों के लिए लंबी जेल की सजा मिल चुकी है। हालांकि, मामले की गहन जांच अब भी जारी है और इसकी जिम्मेदारी विशेष रूप से प्रशिक्षित जासूसों को सौंपी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button