खबरदेशमनोरंजनविदेश

रामायण’ के इंद्र देव पर फिदा हुए विदेशी लोग…थाईलैंड आने का दिया न्योता, खूबसूरती पर लिखी कविताएं, खुशी से भावुक हुए एक्टर

अभिनेता कुणाल कपूर ने नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में भगवान इंद्र के रूप में अपने अभिनय के लिए मिले भरपूर प्यार के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। X (ट्विटर) पर एक पोस्ट में, कपूर ने लिखा, “इंद्र, फ्रा इन, बटारा इंद्र, थग्यामिन, प्रेह एन, ताइशाकुटेन – स्वर्ग के एक राजा, जिन्हें अलग-अलग देशों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। यह वाकई अद्भुत है कि हममें कितनी समानताएं हैं। भारत, थाईलैंड, पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया और दुनिया के ऐसे कई कोनों से भगवान इंद्र के किरदार के लिए मिल रहे प्यार से मैं अभिभूत हूं, जहां से मुझे प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद भी नहीं थी।

अपना आभार व्यक्त करते हुए, कुणाल ने कहानी कहने की शक्ति पर बात की और बताया कि कैसे ‘रामायण’ जैसे महाकाव्य भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे होते हैं। “मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि अच्छी कहानियां हम सभी को आपस में जोड़ने का काम करती हैं, और हमारी संस्कृतियों में ऐसी कई कहानियां साझा हैं, जिनके बारे में हमें शायद पता भी नहीं होता।” उन्होंने आगे कहा, “रामायण जैसी कालजयी महागाथा को हर जगह इतना प्यार मिलते देखना, मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।

कुणाल ने उन कलाकारों की भी सराहना की, जिन्होंने भगवान इंद्र के रूप में उनके चित्रण से प्रेरित होकर चित्र और कलाकृतियां बनाई हैं। उनकी रचनात्मकता और स्नेह के लिए धन्यवाद देते हुए उन्होंने लिखा, “उन सभी अद्भुत कलाकारों को, जिन्होंने इतनी सुंदर कलाकृतियां बनाई हैं और लगातार बना रहे हैं, बहुत-बहुत धन्यवाद। मुझे खेद है कि मुझे आप सभी के सोशल मीडिया हैंडल नहीं पता, लेकिन मैंने आपका काम देखा है और यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।

फिदा हुए थाईलैंड के लोग 
जहां एक तरफ भारतीय दर्शक फिल्म में कुणाल कपूर के कैमियो की जमकर तारीफ कर रहे हैं और मान रहे हैं कि अब  उन्हें वह पहचान मिल रही है, जिसके वे हकदार हैं, वहीं अभिनेता ने विदेशों में भी अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ा ली है। खासतौर पर थाईलैंड में कुणाल कपूर का क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म रिलीज होने के बाद से ही वह वहां के दर्शकों के बीच छा गए हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर थाई फैंस उनकी तस्वीरें और फिल्म के स्क्रीनशॉट शेयर कर खूब प्यार लुटा रहे हैं।

इतना ही नहीं, लोगों ने एक्टर को थाईलैंड आने का न्योता भी दिया है। एक फैन ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा “इंद्र की तरह तेजस्वी, स्वर्ग से धरती पर उतरे चांद जैसे खूबसूरत। मैं दिल से आपको थाईलैंड आने का न्योता देता हूं।” वहीं, कुणाल की हालिया इंस्टाग्राम सेल्फी पर भी ऐसे ही प्यार भरे कमेंट्स और थाईलैंड आने के कई निमंत्रण देखने को मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button