शिक्षकों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस ने दिया धरना
प्रदेश के सभी जिलों से हजारों की संख्या में शासकीय शिक्षक हुए शामिल

मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस द्वारा प्रदेश की शिक्षकों की 3 सूत्रीय मांगों को लेकर राजधानी स्थित अंबेडकर ग्राउंड में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में मध्य प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय शिक्षक मौजूद रहे। मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस संगठन के इंदौर संभाग अध्यक्ष मनीष कदम ने कहा कि हमारी तीन प्रमुख मांगे हैं जिनमें से टीईटी परीक्षा का निरस्तीकरण , शासकीय शिक्षकों को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता देना और असुविधापूर्ण ई अटेंडेंस को खत्म करना शामिल है। उन्होंने कहा कि आज एक दिवसीय धरना दिया गया है यदि हमारी मांगें नहीं मानी गई तो हम अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। इंदौर के महू से मोटरसाइकिल चलाकर धरना प्रदर्शन में शामिल होने आए शासकीय शिक्षक युगल किशोर यादव ने कहा कि सरकार टीईटी की परीक्षा लेकर शिक्षकों को सेवा से बाहर करना चाहती है। हम अपने और अपने बच्चों की भविष्य की सुरक्षा के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। ई अटेंडेंस शिक्षकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है गांव में टावर नहीं मिलता काफी समय तक बिजली नहीं रहती जिससे मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पाते। सरकार को शिक्षकों की समस्या को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालना चाहिए। महू से भोपाल आए सहायक शिक्षक बलराम कौशल ने कहा कि सरकार टीईटी परीक्षा लेकर शिक्षकों को सेवा से बाहर करना चाहती है दलित वर्ग के शिक्षकों को टारगेट किया जा रहा है। वही धरना प्रदर्शन में शामिल रीवा जिला शिक्षक कांग्रेस अध्यक्ष शिवेंद्र पांडे ने कहा कि हम अपनी मांगों को लेकर आज भोपाल में एकत्र हुए हैं। सरकार शिक्षकों की समस्याओं को लेकर मौन है । शिक्षा का अधिकार 2010 से पहले जो नियुक्तियां हुई हैं सभी पात्र हैं उनकी टीईटी परीक्षा लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। हमारी मांगें नहीं मानी गई तो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। रीवा से ही ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार तिवारी ने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने आश्वासन दिया है कि वह शिक्षकों की समस्याओं को विधानसभा के पटल पर रखेंगे।





