खबरमध्य प्रदेश

एनसीएएचपी से अनुमोदित पाठ्यक्रम इसी शैक्षणिक सत्र से हों प्रारंभ : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती 15 जनवरी 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश, विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की भी समीक्षा

भोपाल, 16 नवंबर 2026।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज मंत्रालय में आयोजित बैठक में विभागीय गतिविधियों एवं महत्वपूर्ण निर्णयों की समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों एवं तकनीकों के अनुरूप युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय अलाइड एंड हेल्थकेयर आयोग (एनसीएएचपी) से अनुमोदित पाठ्यक्रम इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत संस्थाओं द्वारा विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रगति की समीक्षा की गई।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि अलाइड एंड हेल्थकेयर क्षेत्र में आधुनिक तकनीक एवं चिकित्सा पद्धतियों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना आवश्यक है। इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने पाठ्यक्रमों के प्रभावी संचालन तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूर्ण करें

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेश में आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा इसके लिए आगामी 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिला स्तर पर चयन एवं नियुक्ति संबंधी समस्त कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने चिकित्सा अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर भर्ती की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रतीक्षा सूची से चयन एवं नियुक्ति की कार्यवाही नियमानुसार शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि नागरिकों को समय पर बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।

डायलिसिस सेवाओं एवं एम्बुलेंस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश

बैठक में सिविल अस्पतालों में डायलिसिस मशीनों की उपलब्धता एवं डायलिसिस सेवाओं के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि डायलिसिस सेवाओं तथा एम्बुलेंस संचालन से संबंधित नवीन टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए, जिससे मरीजों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

नर्सिंग एवं फार्मासिस्ट नियुक्ति संबंधी प्रकरणों पर निर्देश

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने नर्सिंग काउंसिल को उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों की शिफ्टिंग संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के पदों पर नियुक्ति के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार गणित संकाय के अभ्यर्थियों को सम्मिलित करने की आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विभागीय योजनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों में गति और समन्वय सुनिश्चित करें। बैठक में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्रीमती रश्मि अरुण शमी, आयुक्त श्री धनराजू एस., अलाइड काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, सचिव डॉ. शेलोज जोशी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button