विदिशा में आस्था का महापर्व छठ: बेतवा तट पर गूंजे छठी मईया के गीत, डूबते सूर्य को दिया गया अर्ध्य घाट सुधार सेवा समिति का विशेष सहयोग

विदिशा/लोक आस्था के महापर्व छठ पर विदिशा में गजब का उत्साह और उल्लास देखने को मिला। भोजपुरी समाज की सैकड़ों महिलाओं और श्रद्धालुओं ने रविवार शाम को बेतवा नदी के बड़वाले शनि मंदिर घाट पर पहुंचकर पूरी श्रद्धा के साथ छठ मईया की पूजा-अर्चना की। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत रखकर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्ध्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की मंगलकामना की।
मां बेत्रवती घाट उद्धार समिति की सराहनीय व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मां बेत्रवती घाट उद्धार समिति, विदिशा द्वारा घाट पर व्यापक और चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। समिति के पदाधिकारी लगातार घाट पर मुस्तैद रहकर जनता के सहयोग में जुटे रहे और हर गतिविधि पर निगरानी बनाए रखी।
समिति के इस सराहनीय और समर्पित सहयोग की स्थानीय जनमानस द्वारा काफी प्रशंसा की गई। इस दौरान समिति के अध्यक्ष गोवर्धन साहू, उपाध्यक्ष लायन अरुण कुमार सोनी, संयोजक प्रमोद शर्मा, राजेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य पूरे समय उपस्थित रहे और छठ मईया की पूजा-अर्चना में विनय गुप्ता परिवार के साथ शामिल होकर जनता-जनार्दन की भलाई की प्रार्थना की। यह देखने में आया कि इस बार विभिन्न समाज जनों ने इस पर्व को पूजा अर्चन कर सेलिब्रेट किया।



