महराजगंज में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दंपति की मौत, बेटी झुलसी

यूपी के महराजगंज जिले में मंगलवार को अपने घर की छत से सजावटी लाइट हटाते समय करंट लगने से एक पति-पत्नी (दंपति) की मौत हो गई और उनकी नाबालिग बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोठीभार थाना के प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर थाना क्षेत्र के कैमा गांव में हुई। मृतकों की पहचान राम आधार (40) और उनकी पत्नी पुष्पा (38) के रूप में हुई है। इस घटना में उनकी बेटी गोल्डी (16) गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस के अनुसार, परिवार दिवाली के मौके पर लगाई गई सजावटी लाइट हटा रहा था, तभी राम आधार का हाथ गलती से छत के पास से गुजर रहे हाई-टेंशन बिजली के तार से छू गया और उन्हें करंट लग गया। उनकी पत्नी उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन वह भी बिजली के तार के संपर्क में आ गईं।
इसके बाद उनकी बेटी ने अपने माता-पिता को बचाने की कोशिश की, जिससे वह भी बुरी तरह झुलस गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और तीनों को निचलौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दंपति को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गोल्डी को गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच चल रही है।


