यात्रीगण कृपया ध्यान दें! कोहरे के चलते रेलवे ने 2 ट्रेनें की रद्द, जनवरी से मार्च तक नहीं चलेंगी Trains
उत्तर रेलवे द्वारा आगामी कोहरे के मौसम (2026-27) के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन संख्या 14695 तथा 14696 को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इन ट्रेनों का संचालन जनवरी 2027 से परिवर्तित ट्रेन नंबरों के साथ किया जाना निर्धारित था।
इस संबंध में जारी विस्तृत जानकारी एवं नए संशोधन के अनुसार, प्रत्येक मंगलवार को काठगोदाम से जम्मू तवी तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन संख्या 14695 दिनांक 12 जनवरी 2027 से 02 मार्च 2027 तक निरस्त रहेगी। इसी प्रकार, प्रत्येक रविवार को जम्मू तवी से काठगोदाम तक चलने वाली साप्ताहिक ट्रेन संख्या 14696 दिनांक 10 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक निरस्त रहेगी।
उल्लेखनीय है, कि जनवरी 2026 तक ये दोनों ट्रेन संख्या 12207 एवं 12208 के रूप में संचालित हो रही हैं, जिन्हें वर्ष 2027 से संशोधित कर क्रमशः 14695 एवं 14696 कर दिया गया है।
यात्रियों से विनम्र अनुरोध है, कि वे अपनी यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व संबंधित ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी डायल नंबर 139, एनटीईएस (NTES) ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, अथवा नजदीकी रेलवे स्टेशन के पूछताछ कार्यालय से अवश्य प्राप्त करें।
जम्मू मंडल यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है, और कोहरे के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, ही यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

