खबरमध्य प्रदेश

Another कार्यक्रम के अंतर्गत 0–3 वर्ष के बच्चों हेतु बाल मेला आयोजन

भोपाल, 17 नवंबर । बच्चे के जीवन के शुरुआती तीन वर्ष उसके भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं। इसी महत्वपूर्ण संदेश को समुदाय तक पहुँचाने के उद्देश्य से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से बाणगंगा परियोजना के सेक्टर पंचशील स्थित *आंगनवाड़ी केंद्र 765, राहुल नगर* में नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत 0–3 वर्ष के बच्चों के लिए बाल मेले का आयोजन किया गया।

यह आयोजन विभागीय समन्वय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका और माताओं की सहभागिता का एक अच्छा उदाहरण रहा। मेले के माध्यम से प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास (Early Childhood Development), प्रारंभिक उद्दीपन (Early Stimulation), उत्तरदायी देखभाल (Responsive Caregiving), पोषण, स्वास्थ्य एवं खेल आधारित सीखने के महत्व को सरल और रोचक गतिविधियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

*अधिकारियों ने गतिविधियों को सराहा, माताओं से किया सीधा संवाद*

कार्यक्रम में बाणगंगा परियोजना के CDPO श्री अखिलेश चतुर्वेदी एवं सेक्टर सुपरवाइज़र श्रीमती सपना साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से गतिविधियों के उद्देश्य एवं बच्चों के विकास में उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी प्राप्त की।

CDPO श्री अखिलेश चतुर्वेदी ने माताओं एवं अभिभावकों से संवाद कर यह जानने का प्रयास किया कि वे घर पर बच्चों के साथ किस प्रकार की गतिविधियाँ करती हैं और बाल मेले से उन्हें क्या नई जानकारी मिली। माताओं ने उत्साहपूर्वक अपने अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी टीम एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए विभाग और संस्था के बीच इसी प्रकार के समन्वय को आगे भी बनाए रखने पर जोर दिया।

*आठ स्टॉल, सीखने के अनेक अवसर*

बाल मेले में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आठ स्टॉल तैयार किए गए—पंजीयन, शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास, पोषण आहार एवं टीकाकरण, माताओं की सहायता क्षेत्र तथा हाथों का कमाल एवं खेल जगत।

इन स्टॉलों पर पजल, चित्र कार्ड, वस्तुओं का मिलान, छंटाई, पहचान और खेल आधारित गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। माताओं को बताया गया कि बच्चों से बातचीत करना, उन्हें कहानी सुनाना, गीत गाना, उनके संकेतों को समझना और उनके साथ खेलना भी सीखने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

पोषण एवं टीकाकरण स्टॉल पर संतुलित आहार, उम्र के अनुसार भोजन, MCP कार्ड एवं नियमित टीकाकरण की जानकारी दी गई। वहीं, हाथों का कमाल एवं खेल जगत स्टॉल पर घर में उपलब्ध सुरक्षित एवं सामान्य वस्तुओं से खिलौने बनाने के तरीके बताए गए। इससे माताओं को यह समझने का अवसर मिला कि बच्चों के विकास के लिए महंगे खिलौनों की नहीं, बल्कि परिवार के समय, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों की अधिक आवश्यकता है।

*माताओं की भागीदारी से घर तक पहुँचेगा सीखने का संदेश*

मेले में माताओं को केवल गतिविधियाँ दिखाने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें स्वयं गतिविधियाँ करके सीखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित माता समूहों, नियमित बैठकों, विकास कैलेंडर एवं आइडिया वीडियो के बारे में जानकारी साझा की गई।

माताओं को प्रेरित किया गया कि वे घर पर उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से बच्चों के साथ प्रतिदिन समय बिताएँ और उनकी उम्र के अनुसार खेल एवं विकासात्मक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ।

*विभाग और संस्था के साझा प्रयासों से मजबूत हुई साझेदारी*

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने स्टॉल संचालन और माताओं को जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से श्री शरद नंदनवार, श्री रवि ठाकड, श्री बाबू सिंह लोधी, सुश्री स्तुति एवं सुश्री शिवानी कुशवाहा (ब्लॉक कोऑर्डिनेटर – नवचेतना कार्यक्रम) उपस्थित रहे। CRY संस्था से श्री शिवराज कुशवाहा ने भी सहभागिता की।

इस आयोजन ने यह दर्शाया कि जब विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगी संस्थाएँ और समुदाय एक साझा उद्देश्य के साथ कार्य करते हैं, तो बच्चों के विकास से जुड़े प्रयास अधिक प्रभावी बनते हैं। बाल मेले ने न केवल माताओं को नई जानकारी दी, बल्कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में परिवार की भूमिका और सामुदायिक सहयोग के महत्व को भी रेखांकित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button