न्यू मार्केट के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापारियों ने सौंपे 4 ज्ञापन, आयुक्त ने दिए तत्काल स्थल निरीक्षण के निर्देश

भोपाल, 18 नवंबर। न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति (रजि.) के पदाधिकारियों ने आज नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को न्यू मार्केट के सुव्यवस्थित विकास एवं व्यापार संरक्षण एवं उत्कृष्ट ग्राहक सुविधाओं के लिए 4 महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सतीश गंगराड़े, सचिव पवन वरदानी, उपाध्यक्ष अजय देवनानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञापन प्राप्त करते ही आयुक्त ने विषय की गंभीरता को समझते हुए तत्काल उपायुक्त चंचलेश एवं उपायुक्त भुवन गुप्ता को न्यू मार्केट का स्थल निरीक्षण कर मार्केट को सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए।
ज्ञापन में रखी गई 4 प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं –
1. 30 वर्ष का किराया अनुबंध किया जाए
न्यू मार्केट में सैकड़ों व्यापारी नगर निगम की दुकानों में 30 से 50 वर्षों से व्यापार कर रहे हैं। निगम द्वारा अब मात्र 3 वर्ष का अनुबंध करने की बात कही जा रही है, जो व्यापारियों के हित में नहीं है। पूर्व में कुछ दुकानदारों का 30 वर्ष का अनुबंध किया गया है, उसी नियम के तहत सभी दुकानदारों का 30 वर्ष का अनुबंध किया जाए।
2. सराउंडिंग में टू-व्हीलर पार्किंग पुनः प्रारंभ हो
मात्र कुछ वर्ष पूर्व तक न्यू मार्केट के चारों ओर सड़क किनारे टू-व्हीलर पार्किंग होती थी, जिससे निगम को राजस्व भी मिलता था। पार्किंग बंद होने से हॉकर्स ने कब्जा कर लिया है। अतः सराउंडिंग टू-व्हीलर पार्किंग एवं पिंक पार्किंग पुनः प्रारंभ की जाए।
3. “नो हॉकर्स जोन” का सख्ती से पालन हो
जिला प्रशासन द्वारा 2006 से न्यू मार्केट को “नो हॉकर्स जोन” घोषित किया हुआ है, परंतु हॉकर्स माफिया का कब्जा होने से महिलाओं और बुजुर्गों को धक्का-मुक्की सहनी पड़ती है। हॉकर्स को टी.टी. नगर स्थित हाट बाजार में शिफ्ट कर सड़कों को मुक्त कराया जाए।
4. श्री गणेश चौक का सौंदर्यीकरण एवं ऑटोमेटिक बोलार्ड गेट
एसबीआई मुख्य ब्रांच के सामने श्री गणेश चौक शहर का सबसे प्रमुख चौराहा है। आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस के आवागमन हेतु सेंटर से लगभग 15 फीट का आधुनिक ऑटोमेटिक बोलार्ड गेट लगाया जाए। साथ ही पिंक पार्किंग, पिक एंड ड्रॉप पॉइंट, एचडी सीसीटीवी कैमरे, सुंदर प्रवेश द्वार, एलईडी स्क्रीन, इकोफ्रेंडली एलईडी लाइट्स, आधुनिक रेस्टिंग चेयर्स एवं इलेक्ट्रिक डी.पी. शिफ्टिंग कर चौराहे का सौंदर्यीकरण किया जाए।
समिति के अध्यक्ष सतीश गंगराड़े,सचिव पवन वरदानी, उपाध्यक्ष अजय देवनानी ने कहा – हम सभी व्यापारी बंधु आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प के अनुरूप न्यू मार्केट को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सर्वसुविधायुक्त बिजनेस जोन बनाना चाहते हैं। आयुक्त ने हमारी मांगों को गंभीरता से सुना और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, इसके लिए हम उनके आभारी हैं। न्यू मार्केट भोपाल की शान है, इसे सुव्यवस्थित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।



