बाल मेले के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश, माताओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

भोपाल, 18 नवंबर । बच्चों के जीवन के शुरुआती तीन वर्षों में उनके सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव तैयार करने और माताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आज बरखेड़ी परियोजना के सेक्टर 20 में नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत बाल मेले का आयोजन किया गया। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 40 माताओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में CDPO श्रीमती हीबा खानम एवं सेक्टर सुपरवाइज़र श्रीमती निशा निमोरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बाल मेले में लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत गतिविधियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने गतिविधियों के प्रभावी संचालन, माताओं की सहभागिता और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने माताओं एवं अभिभावकों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव भी जाने।
बाल मेले में बच्चों के विकास के विभिन्न आयामों को ध्यान में रखते हुए आठ स्टॉल लगाए गए, जिनमें पंजीयन, शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास, पोषण आहार एवं टीकाकरण, माताओं की सहायता क्षेत्र तथा हाथों का कमाल एवं खेल जगत शामिल रहे। इन स्टॉलों पर पजल, चित्र कार्ड, पहचान, मिलान एवं खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की उम्र के अनुरूप विकासात्मक प्रक्रियाओं को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में माताओं को समझाया गया कि बच्चों के साथ नियमित बातचीत करना, कहानी सुनाना, गीत गाना, खेलना और घर में उपलब्ध सुरक्षित वस्तुओं से गतिविधियां कराना उनके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पोषण, स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, प्रारंभिक उद्दीपन एवं उत्तरदायी देखभाल के महत्व पर भी जानकारी साझा की गई। माताओं को स्वयं गतिविधियां करके सीखने और इन्हें घर पर नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित माता समूहों, नियमित बैठकों, विकास कैलेंडर एवं आइडिया वीडियो के माध्यम से माताओं के साथ किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी साझा की। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने स्टॉलों के संचालन और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुश्री शिवानी कुशवाहा के मार्गदर्शन एवं समन्वय में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन ने महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय एवं साझेदारी को प्रदर्शित किया।
बाल मेले के माध्यम से यह महत्वपूर्ण संदेश दिया गया कि बच्चों के शुरुआती तीन वर्ष उनके भविष्य के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उचित पोषण, स्नेहपूर्ण देखभाल, बातचीत, खेल और परिवार की सक्रिय भागीदारी से प्रत्येक बच्चे को सीखने एवं आगे बढ़ने के बेहतर अवसर दिए जा सकते हैं।



