
अमेरिका की सत्ता से विदा होने के बाद भी जो बाइडेन और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच राजनीतिक टकराव खत्म नहीं हुआ। अब बाइडेन ने अपनी नई किताब के जरिए एक बार फिर ट्रम्प पर हमला किया है किताब में उन्होंने करीब 200 बार ट्रम्प का नाम लिया है और 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन पर हुए हमले के लिए उन्हें सीधे जिम्मेदार ठहराया है। इतना ही नहीं, बाइडेन ने ट्रम्प का वह निजी खत भी सार्वजनिक किया है, जो उन्होंने राष्ट्रपति पद छोड़ते समय ओवल ऑफिस में अपने उत्तराधिकारी के लिए छोड़ा था। किताब में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की, इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी जैसे विवादित मुद्दों पर भी कई खुलासे किए गए हैं। 17 नवंबर को प्रकाशित इस किताब में बाइडेन ने अपने राष्ट्रपति कार्यकाल, 2020 और 2024 के चुनावों तथा अमेरिकी राजनीति के कई विवादित घटनाक्रमों पर अपनी बात रखी है। किताब में ट्रम्प का करीब 200 बार जिक्र किया गया है। बाइडेन ने न केवल 6 जनवरी 2021 को कैपिटल हिल पर हुए हमले के लिए ट्रम्प को जिम्मेदार ठहराया, बल्कि उनके सत्ता में बने रहने की कोशिशों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
ट्रम्प ने सत्ता में बने रहने के लिए कराया था विद्रोह
बाइडेन ने लिखा कि ट्रम्प ने 2020 का राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद भी सत्ता छोड़ने से इनकार कर दिया था। उनके मुताबिक, ट्रम्प ने विद्रोह का नेतृत्व किया और उनका मकसद चुनाव में हार के बावजूद राष्ट्रपति पद पर बने रहना था। बाइडेन ने कैपिटल पर हमला करने वाले लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी मानने से इनकार किया। उन्होंने लिखा कि ये लोग हथियार लेकर आए थे और चुनाव परिणामों की आधिकारिक पुष्टि रोकना चाहते थे। उन्होंने ट्रम्प की इस बात के लिए भी आलोचना की कि उन्होंने बाद में इस मामले में दोषी ठहराए गए 1,500 से अधिक लोगों को माफी दे दी। गौरतलब है कि 6 जनवरी 2021 को ट्रम्प समर्थकों की भीड़ अमेरिकी संसद भवन में घुस गई थी। उस समय संसद में 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के परिणामों की पुष्टि की प्रक्रिया चल रही थी। इस चुनाव में बाइडेन ने ट्रम्प को हराया था।
ट्रम्प का निजी खत भी किताब में छापा
बाइडेन ने अपनी किताब में ट्रम्प का वह निजी खत भी शामिल किया है, जिसे उन्होंने जनवरी 2021 में राष्ट्रपति पद छोड़ते समय ओवल ऑफिस की मेज पर रखा था। ट्रम्प ने यह खत इसलिए छोड़ा था, क्योंकि उन्होंने बाइडेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया था। 1869 में एंड्रयू जॉनसन के बाद ट्रम्प पहले ऐसे अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे, जिन्होंने अपने उत्तराधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लिया। खत की शुरुआत ’46’ संबोधन से हुई थी, क्योंकि बाइडेन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति थे।बाइडेन ने अपनी किताब में इस खत को हैरान करने वाला बताया है। इसकी वजह यह थी कि ट्रम्प सार्वजनिक मंचों से लगातार उनकी और उनकी सरकार की आलोचना करते रहे थे, लेकिन निजी खत में उन्होंने बाइडेन की तारीफ की थी।
चुनाव से हटाने के लिए डेमोक्रेट नेताओं पर नाराजगी
बाइडेन ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के घटनाक्रम पर भी खुलकर लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेटिक पार्टी की वरिष्ठ नेता नैन्सी पेलोसी और सीनेट में पार्टी के नेता चक शूमर ने उन्हें चुनाव मैदान से हटाने में अहम भूमिका निभाई। बाइडेन के मुताबिक, दोनों नेताओं ने निजी तौर पर उन पर चुनाव नहीं लड़ने का दबाव बनाया था। बाइडेन ने 2024 में दोबारा राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के अपने फैसले का बचाव किया है। उन्होंने लिखा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि वह राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभाने में सक्षम हैं और ट्रम्प को हराने के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार भी हैं। हालांकि, जून 2024 में ट्रम्प के साथ पहली राष्ट्रपति बहस में उनके खराब प्रदर्शन के बाद उनकी उम्मीदवारी पर सवाल उठने लगे थे। आखिरकार उन्हें चुनावी दौड़ से हटना पड़ा और डेमोक्रेटिक पार्टी ने कमला हैरिस को उम्मीदवार बनाया।
जेलेंस्की को बताया मूडी और जिद्दी
बाइडेन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ अपने रिश्तों पर भी टिप्पणी की है। उन्होंने निजी बातचीत का हवाला देते हुए जेलेंस्की को मूडी और जिद्दी बताया। बाइडेन ने लिखा कि जेलेंस्की उनके प्रति उतने आभारी नजर नहीं आते थे, जितनी उन्हें उम्मीद थी। यह टिप्पणी यूक्रेन को अमेरिकी सैन्य और आर्थिक सहायता देने के दौरान दोनों नेताओं के बीच रहे संबंधों की एक अलग तस्वीर पेश करती है।




