वेत्रवती महोत्सव के तीसरे दिन देर रात तक गूंजी काव्य की रसधार, नए कवियों को भी मिला मंच

विदिशा। मां वेत्रवती घाट सुधार सेवा समिति के तत्वावधान में नमामि गंगे योजना के अंतर्गत चल रहे पांच दिवसीय ‘वेत्रवती महोत्सव’ के तीसरे दिन भव्य और विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस आयोजन में श्रोताओं ने कवि सम्मेलन स्थल के साथ ही घाटों पर भी बैठकर काव्य पाठ का जमकर आनंद उठाया और कवियों की रचनाओं पर खूब तालियां बजाई।
मंच और अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता घाट समिति के उपाध्यक्ष एवं कवि सम्मेलन के संयोजक लायन अरुण कुमार सोनी ने की। वरिष्ठ कवि निसार अहमद मुख्य अतिथि रहे और मंच संचालन उदय ढोली ने किया। मंचासीन अतिथियों में वरिष्ठ इतिहासकार गोविंद देवलिया, गोवर्धन राजोरिया, डॉ. शीलचंद पालीवाल तथा समिति अध्यक्ष महेश साहू मिंटू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
नदी स्वच्छता और समिति के प्रयासों पर चर्चा
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद प्रदीप जैन पारस ने स्वर्गीय माधौ सिंह कामरेड के स्मरण में डॉ. जगमोहन शर्मा द्वारा रचित दोहों का सस्वर गायन किया।
समिति के कार्य: संस्थापक अध्यक्ष गोवर्धन साहू ने समिति की स्थापना से लेकर अब तक की गतिविधियों, मां वेत्रवती के शुद्धिकरण, गहरीकरण और घाटों की साफ-सफाई के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
महोत्सव की रूपरेखा: अध्यक्षीय उद्बोधन में लायन अरुण कुमार सोनी ने पांच दिवसीय वेत्रवती महोत्सव के उद्देश्यों और नदी स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
विदिशा, भोपाल और रायसेन के कवियों ने बांधा समा
कवि सम्मेलन में विदिशा के साथ भोपाल और रायसेन जिलों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध और भावविभोर कर दिया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि पहली बार मंच से काव्य पाठ करने वाले नवोदित रचनाकारों को भी अध्यक्ष श्री सोनी द्वारा प्रोत्साहन का अवसर प्रदान किया गया। जिसकी उन लोगों ने काफी प्रशंसा की।
प्रमुख रचनाकार: निसार मालवी, लायन अरुण कुमार सोनी, संतोष सागर, शाहिद अली शाहिद, चांद खां चांद, सत्येंद्र धाकड़, उदय ढोली, विष्णु दुबे, डॉ. शीलचंद पालीवाल, गोवर्धन राजोरिया, हरगोविंद मैथिल, दिनेश मोहन श्रीवास्तव, सोबरन दादा, नजीर नूरी, रईस शेख, बद्री प्रसाद और संजय चतुर्वेदी ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी।
अतिथि व स्थानीय कवि: भोपाल से आए जितेंद्र वर्मा और रायसेन के सलामतपुर से पधारे शीतल कुमार जैन ने भी काव्य पाठ किया। विदिशा से अभिषेक सोनी, दीपक सोनी, कोमल सिंह कोमल, पूजा श्रीवास्तव, निकिता पाल, श्रवण कुमार राठौर, खुशाल सिंह राजपूत, राजेश नाडीवाल और राम विनायल समेत कई स्थानीय कवियों ने महफिल को रोशन किया। श्रोताओं में कमलेश सेन, पप्पू सरदार, मिथिलेश दांगी और उनकी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।
सफल आयोजन और समापन
आयोजन को सफल बनाने में समिति संयोजक प्रमोद शर्मा के साथ कंधे से कंधे मिलाकर ओम प्रकाश कुशवाहा, अशोक प्रजापति, जसवंत सिंह, राजेंद्र सिंह राजपूत और गजेंद्र रघुवंशी सहित समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में गोवर्धन साहू ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन गरम-गरम भजिए, हलवा, चाय और कॉफी के साथ हुआ।


