ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के मगरपाठ ईको जंगल कैंप को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के मगरपाठ ईको जंगल कैंप को इंडियन रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवॉर्ड्स 2026 में ‘फ्यूचर फॉरवर्ड डेस्टिनेशन’ श्रेणी के अंतर्गत सिल्वर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के प्रमुख गंतव्य स्थलों में शामिल मगरपाठ ईको जंगल कैंप को शिलांग, मेघालय में दिनांक 20.11.2026 को आउटलुक रेस्पोंसिबल टूरिज्म द्वारा इंडियन रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म अवॉर्ड्स (IRTA) 2026 के अंतर्गत ‘फ्यूचर फॉरवर्ड डेस्टिनेशन’ श्रेणी में सिल्वर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एल. कृष्णमूर्ति ने बताया कि मगरपाठ ईको जंगल कैंप की विकास कार्य तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. समीता राजोरा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक द्वारा की गई थी | उनकी मार्गदर्शन में मगरपाठ को एक सामुदायिक सहभागिता आधारित ईकोपर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित की गयी । मगरपाठ में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ईकोपर्यटन समिति का गठन किया गया है। समिति के माध्यम से यहां ईकोपर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इससे स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय समुदाय की क्षमता वृद्धि के लिए कुकिंग, हाउसकीपिंग, हॉस्पिटैलिटी, माउंटेनियरिंग एवं नेचर गाइडिंग सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये गए थे । इन प्रयासों से समुदाय को पर्यटन प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं दक्ष बनाया गया है। स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से मगरपाठ में जिम्मेदार एवं सस्टेनेबल ईकोपर्यटन का एक सफल मॉडल विकसित हुआ है।
मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड एवं वन विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न वन क्षेत्रों में स्थानीय समुदाय की भागीदारी से ईकोपर्यटन गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इन पहलों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के साथ स्थानीय आजीविका को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मगरपाठ ईकोपर्यटन स्थल इस दिशा में एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर उभरा है।
भोपाल से लगभग 40 किलोमीटर दूर सीहोर जिले में पदमश्री डॉ विष्णु श्रीधर वाकणकर टाइगर रिज़र्व, रातापानी के बफर क्षेत्र के समीप कोलार बांध के किनारे स्थित मगरपाठ ईको जंगल कैंप चारों ओर से हरे-भरे जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा हुआ है। यहां का मनोरम रिवर साइड व्यू, प्राकृतिक वनस्पति, वन्यजीव एवं ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। स्थानीय समुदाय द्वारा संचालित यह स्थल प्रकृति संरक्षण और पर्यटन के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को जोड़ने का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
यह सम्मान मध्यप्रदेश में समुदाय आधारित, जिम्मेदार एवं सतत ईकोपर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण पहचान स्थापित हुई है। इस अवसर पर पुरस्कार ग्रहण समारोह में मगरपाठ ईकोपर्यटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती रामकी बाई, सीहोर वनमंडल की वनमंडलाधिकारी अर्चना पटेल तथा मध्यप्रदेश ईकोपर्यटन विकास बोर्ड की प्रबंधक सुश्री अर्चना दास उपस्थित रहीं।


