देशविदेश

सिंगापुर में बिखरी भारतीय हस्तशिल्प की अनूठी छटा: ‘स्पिक मैके’ के तत्वावधान में ‘हस्तकला’ और विशेष प्रदर्शनी में बाग प्रिंट की धूम,

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बिलाल खत्री और डॉ. आरिफ खत्री की कला के मुरीद हुए विदेशी
भोपाल : 26 नवंबर, 2026
भारत की सदियों पुरानी समृद्ध वस्त्र विरासत और पारंपरिक कला का डंका अब सात समंदर पार सिंगापुर में भी जोर-शोर से बज रहा है। प्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था ‘स्पिक मैके’ (SPIC MACAY) के तत्वावधान में सिंगापुर के प्रतिष्ठित ‘सिफास मल्टीपर्पज स्टूडियो’ (SIFAS Multipurpose Studio) में आयोजित विशेष कार्यक्रम ‘हस्तकला’ (HASTKALA) के साथ-साथ सिंगापुर के एक अन्य प्रमुख स्थल पर आयोजित भव्य प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक बाग हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महोत्सव में राष्ट्रीय पुरस्कार एवं अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित मास्टर शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और डॉ. मोहम्मद आरिफ खत्री अपनी अद्भुत कारीगरी का जादू बिखेर रहे हैं।
दो दिवसीय आयोजन में प्रवासी भारतीयों की जमकर खरीदारी, विदेशी भी हुए कायल
24 और 25 नवंबर को सिंगापुर के दोनों ही स्थानों पर आयोजित इस भव्य प्रदर्शनी में कला प्रेमियों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। दोनों दिन कार्यक्रम में सिंगापुर के स्थानीय नागरिकों, विभिन्न देशों से आए कला पारखियों और वहां बसे प्रवासी भारतीयों की भारी भीड़ उमड़ी। प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के ठप्पों से तैयार इस पारंपरिक बाग प्रिंटिंग ने सभी का मन मोह लिया।
विशेष रूप से प्रवासी भारतीय परिवारों और महिलाओं में अपनी मिट्टी की इस कला के प्रति जबरदस्त दीवानगी देखी गई और उन्होंने बाग प्रिंट की पारंपरिक साड़ियों, सूट, स्टोल और दुपट्टों की जमकर खरीदारी की। केवल भारतीय समुदाय ही नहीं, बल्कि सिंगापुर के स्थानीय निवासियों और अन्य देशों के विदेशी नागरिकों ने भी इस हस्तकला की बारीकियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसके फैशन व कलात्मक सौंदर्य के कायल हो गए।
अपने हाथों से ठप्पा लगाकर यादगार के तौर पर साथ ले जा रहे हैं रुमाल
इस पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी लाइव वर्कशॉप और इंटरैक्टिव अनुभव रहा। मोहम्मद बिलाल खत्री और डॉ. मोहम्मद आरिफ खत्री न केवल इस सदियों पुरानी कला की बारीकियों और प्राकृतिक रंगाई की जटिल प्रक्रिया से लोगों को रूबरू करा रहे हैं, बल्कि वहां मौजूद कला प्रेमियों को खुद अपने हाथों से कपड़े पर ठप्पा (ब्लॉक) लगाने का सुनहरा अवसर भी दे रहे हैं।
बिलाल और आरिफ खत्री स्वयं लोगों का मार्गदर्शन करते हुए उनके हाथों से लकड़ी के पारंपरिक ठप्पों की छपाई करवा रहे हैं। विदेशी मेहमान और स्थानीय लोग बड़े ही उत्साह और बारीकी से अपने हाथों से सुंदर ठप्पा लगाकर एक बेहतरीन रुमाल (हैंकी) तैयार कर रहे हैं और भारतीय कला की इस अनमोल निशानी को गर्व के साथ अपने घर लेकर जा रहे हैं।
स्पिक मैके के सहयोग से भारत की जीवंत कलात्मक परंपराओं और रचनात्मकता का जश्न मनाता यह दो दिवसीय आयोजन भारतीय हस्तशिल्प के वैश्विक स्तर पर बढ़ते गौरव और लोकप्रियता की एक शानदार मिसाल पेश कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button