समाज की एकता, संगठनात्मक समर्पण और भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विठ्ठल संप्रदाय की अनूठी पहल
राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं क्षेत्रीय संगठनों के साथ सभी घटक खापों के प्रमुखों को एक मंच पर लाने का संकल्प राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने समाजजनों से किया एकजुटता का आह्वान

भोपाल। वर्तमान समय की मांग को देखते हुए विठ्ठल संप्रदाय (भारत) समाज की एकता, संगठनात्मक समन्वय और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं क्षेत्रीय संगठनों के साथ-साथ समाज की सभी घटक खापों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों को साथ लेकर चलने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। संप्रदाय का उद्देश्य समाज के प्रत्येक घटक को एक सूत्र में पिरोकर सामूहिक शक्ति, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
विठ्ठल संप्रदाय (भारत) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने समाज के सभी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं से अपील की है कि वे अपने-अपने संगठनों में पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए संप्रदाय की विचारधारा को भी परिवार, रिश्तेदारों तथा गांव-गांव में निवासरत सभी घटक खापों तक पहुंचाने का प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए केवल संगठन बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी संगठनों और घटकों के बीच आपसी विश्वास, प्रेम, सहयोग एवं एकजुटता की भावना होना भी आवश्यक है। हमारा प्रयास है कि सभी समाजजन अपने-अपने संगठन की गरिमा और पहचान बनाए रखते हुए एक व्यापक सामाजिक उद्देश्य के लिए एक साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने समाजजनों से आग्रह किया कि यदि हम सभी एक ध्वज के नीचे संगठित होकर समाज के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना को साकार करने का संकल्प लेते हैं, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अमूल्य योगदान और प्रेरणादायी विरासत सिद्ध होगा।
विठ्ठल संप्रदाय (भारत) का संदेश है कि श्रद्धा हमारी शक्ति बने, विश्वास हमारा आधार बने और धर्म एवं सेवाभाव हमारी एकता का मार्ग प्रशस्त करें।
आइए, सभी घटक खापों, सामाजिक संगठनों और समाजबंधुओं को साथ लेकर अखंड एवं वृहद समाज के निर्माण में सहभागी बनें।




