संकष्टी चतुर्थी पर दादाजी धाम में गूंजे गणपति के जयकारे, सामूहिक पूजन के साथ महिलाओं ने किए भजन-कीर्तन

भोपाल रायसेन रोड, पटेल नगर स्थित जागृत एवं दर्शनीय तीर्थस्थल दादाजी धाम मंदिर में शुक्रवार को संकष्टी चतुर्थी के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंडित राजेंद्र पलिया ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को विधि-विधानपूर्वक सामूहिक पूजन-अर्चन कराया। वहीं, महिलाओं ने भक्तिमय भजनों एवं कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
पूजन के दौरान पंडित राजेंद्र पलिया ने संकष्टी चतुर्थी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता एवं बुद्धि के प्रदाता हैं। हिंदू धर्म में प्रत्येक माह कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान गणेश की आराधना, व्रत एवं पूजन करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन से की गई गणपति आराधना से जीवन के संकट दूर होते हैं तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है।
धार्मिक परंपरा के अनुसार इस दिन भगवान श्री गणेश का पूजन कर चंद्र दर्शन एवं अर्घ्य देने का विधान है। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति, परिवार की मंगलकामना तथा जीवन की बाधाओं से मुक्ति के लिए व्रत एवं उपासना करते हैं।
इस अवसर पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन कर भगवान श्री गणेश की महिमा का गुणगान किया। भक्ति संगीत और गणपति के जयकारों से मंदिर परिसर का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्तिभाव से परिपूर्ण हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज एवं समस्त मानवता के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।




