ससुर ने विधवा बहू और उसके प्रेमी पर लोहे की छड़ से किया हमला, एक की मौके पर मौ/त; दूसरा गंभीर रूप से घायल

बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी विधवा बहू और उसके प्रेमी पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया, जिससे प्रेमी की मौके पर ही मौत हो गई और महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस चौकी ओरन के प्रभारी उपनिरीक्षक (SI) बुद्धि सागर ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब दस बजे चौंसड गांव में राजकरन ने अपनी विधवा बहू विद्या (42) और उसके प्रेमी राममनोहर (45) पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया। हमले में राममनोहर की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है।
उन्होंने बताया कि तीन साल पूर्व विद्या के पति कल्लू की मौत हो गई थी। प्रेम प्रसंग के चलते कुछ माह पूर्व राममनोहर, विद्या को लेकर बाहर चला गया था। दोनों (राममनोहर और विद्या) पिछले हफ्ते ही गांव वापस आए थे और वे एक घर में ही रह रहे थे। राममनोहर शादी-शुदा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजकरन को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घायल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बांदा में भर्ती करवाया गया है।




