कैंसर मरीजों के लिए विवेक ओबेरॉय की खास पहल, ‘रामायण’ की स्पेशल स्क्रीनिंग रखकर बांटी खुशियां

अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने एक बार फिर अपनी दरियादिली और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। उन्होंने कैंसर से जूझ रहे मरीजों के लिए फिल्म ‘रामायण’ की एक विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया। इस पहल का मकसद इलाज के मुश्किल दौर से गुजर रहे मरीजों को कुछ खुशनुमा पल देना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना था। यह खास स्क्रीनिंग मरीजों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सकारात्मकता और उम्मीद से भरा एक यादगार अनुभव बन गई।
दरअसल, विवेक ओबेरॉय लंबे समय से कैंसर से पीड़ित बच्चों की मदद और उनके कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं। फिल्म ‘रामायण’ से भी उनका जुड़ाव केवल अभिनय तक सीमित नहीं है। अभिनेता इस फिल्म में विद्युतजिह्वा का किरदार निभा रहे हैं, जो शूर्पणखा के पति हैं। खास बात यह है कि विवेक ने फिल्म के लिए मिलने वाली अपनी फीस न लेने का फैसला किया है। वह इस राशि को कैंसर से जूझ रहे बच्चों की मदद के लिए समर्पित करना चाहते हैं।
कैंसर मरीजों के लिए आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग भी इसी सोच का हिस्सा थी। विवेक की कोशिश थी कि बीमारी और इलाज की चुनौतियों के बीच मरीजों को कुछ समय ऐसा मिले, जहां वे अपनी परेशानियों को भूलकर फिल्म का आनंद ले सकें। इस पहल के जरिए उन्होंने यह संदेश दिया कि मुश्किल परिस्थितियों में छोटी-छोटी खुशियां और अपनों का साथ भी किसी के लिए बड़ी ताकत बन सकते हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य को बड़े पर्दे पर पेश करने की एक महत्वाकांक्षी कोशिश है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभाते नजर आएंगे। वहीं, विवेक ओबेरॉय विद्युतजिह्वा के अहम किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म में कई अन्य जाने-माने कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।




