बाल विवाह की खौफनाक तस्वीर; 13 साल की बच्ची से जबरन की शादी, मां बनने के बाद पति ने पीट-पीटकर मार डाला

ईरान में बाल विवाह और घरेलू हिंसा की भयावह तस्वीर सामने आई है। करमान प्रांत में 14 वर्षीय सोगंद मुश्तरकी की उसके 20 वर्षीय पति ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोगंद ने महज 10 दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने मायके जाकर परिवार से मिलने की इच्छा जताई थी। सोगंद की शादी 13 साल की उम्र में जबरन कर दी गई थी। शादी के बाद से ही उसे घर में बंद रखकर प्रताड़ित किया जाता था। सड़क हादसे में घायल होने के बावजूद उसने बच्चे को जन्म दिया। 6 नवंबर को मायके जाने की बात कहने पर पति ने कथित तौर पर उसकी इतनी पिटाई की कि उसकी मौत हो गई। NCRI की महिला समिति के मुताबिक, आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इसी दिन फार्स प्रांत में 21 वर्षीय सेपिदेह रायसी की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी शादी भी 13 साल की उम्र में हुई थी। घरेलू हिंसा से परेशान होकर उसने तलाक मांगा था। वह चार महीने की गर्भवती थी। हमले में उसके गर्भस्थ बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। ईरान में महिलाओं की हत्या के दूसरे मामले भी सामने आए हैं। सनंदज में 19 वर्षीय गर्भवती हेलिया फत्ताही की उसके माता-पिता ने कथित तौर पर जहरीली दवाएं खिलाकर और तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी। वहीं, गिलान में 23 वर्षीय सदफ हगबिन को पूर्व प्रेमी से शादी से इनकार करने पर गोली मार दी गई। करमानशाह में 16 वर्षीय छात्रा सोगंद सय्यादी की हत्या का आरोप उसके पिता पर है।
NCRI के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में ईरान में महिलाओं की हत्या के 24 मामले दर्ज किए गए। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, 21 मार्च से 13 अक्टूबर के बीच 84 महिलाओं और लड़कियों की हत्या हुई। मानवाधिकार संगठन हेंगाव के मुताबिक, 2025 में महिलाओं की हत्या के कम से कम 207 मामले सामने आए।ईरान की इस्लामिक दंड संहिता के अनुच्छेद 301 के तहत कुछ परिस्थितियों में पिता या पितामह को अपने बच्चे की हत्या के लिए किसास यानी मृत्युदंड से छूट मिल सकती है। मानवाधिकार संगठन इसे जवाबदेही कमजोर करने वाला प्रावधान मानते हैं। बाल विवाह लड़कियों से बचपन, शिक्षा और अपनी जिंदगी के फैसले लेने का अधिकार छीन रहा है। कम उम्र में मां बनने और घरेलू हिंसा का शिकार होने के कारण उनकी जिंदगी खतरे में पड़ रही है। सोगंद की मौत इसी भयावह समस्या की एक और मिसाल है।




