भारत की पहली बुलेट ट्रेन की झलक हुई वायरल… यात्रियों को मिलेगी हवाई जहाज जैसी सुविधाएं

देश के रेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। भारत की पहली पूरी तरह से स्वदेशी (मेड-इन-इंडिया) बुलेट ट्रेन की पहली झलक दुनिया के सामने आ गई है। बेंगलुरु स्थित भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) की आधुनिक फैक्ट्री में तैयार हो रही इस हाई-स्पीड ट्रेन का शुरुआती लुक बेहद आकर्षक है, जिसमें इसका ऊपरी हिस्सा और डिज़ाइन चमकीले भगवा (सैफ्रन ऑरेंज) रंग में रंगा नजर आ रहा है।
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर भरेगी रफ्तारइस स्वदेशी बुलेट ट्रेन (B28 मॉडल) को खास तौर पर मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर चलाने के लिए तैयार किया जा रहा है। BEML और इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) मिलकर इसका निर्माण कर रहे हैं।

ज़बरदस्त रफ्तार: इस ट्रेन की अधिकतम डिज़ाइन स्पीड 280 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है, जबकि यह सामान्य परिचालन में करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी।
हवाई जहाज जैसी सुविधाएं: यात्रियों के सफर को यादगार बनाने के लिए इसमें आरामदायक एर्गोनॉमिक सीटें (घूमने और झुकने वाली), बड़ी खिड़कियां, वाई-फाई आधारित आधुनिक इंफोटेनमेंट सिस्टम, मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट और बायो-वैक्यूम टॉयलेट जैसी सुविधाएं दी गई हैं।



