देश
राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दिया न्योता… 9 जून को लेंगे शपथ
तीसरी बार PM पद की शपथ लेंगे मोदी, रविवार 9 जून को शाम 6 बजे होगा शपथ ग्रहण शपथ ग्रहण में बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, नेपाल, मालदीव के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद अब सरकार बनाने की कवायद चल रही है। इसी क्रम में संसद भवन में एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई। इस बैठक में एनडीए के तमाम घटक दल के नेता शामिल हुए और राजनाथ सिंह की ओर से पीएम मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता नामित करने के प्रस्ताव का समर्थन किया गया। इस निर्णय के बाद एनडीए की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया। एनडीए की तरफ से नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने मोदी को सरकार बनाने का न्यौता दिया। वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने घोषणा की कि 73 वर्षीय मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह रविवार 9 जून को शाम 6 बजे निर्धारित है। शपथ ग्रहण में बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, नेपाल, मालदीव और मॉरीशस जैसे देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ’18वीं लोकसभा एक प्रकार से नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा और कुछ कर गुजरने के इरादे वाली लोकसभा है। आजादी के अमृत महोत्सव के बाद का यह पहला चुनाव है। यह वह 25 वर्ष है जो हमारे अमृत काल के 25 वर्ष है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि 18वीं लोकसभा में, हमारे पांच वर्ष के कार्यकाल में हम उसी गति और समर्पण भाव से देश की आशाओं और आकांक्षाओं को पूर्ण करने में कोई कमी नहीं रखेंगे। आज सुबह NDA की बैठक हुई और सभी NDA के साथियों ने मुझे फिर से एक बार इस दायित्व के लिए पसंद किया है और सभी NDA के साथियों ने राष्ट्रपति को इसकी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने मुझे बुलाया था और मुझे प्रधानमंत्री मनोनीत के रूप में काम करने की अनुमति दी है और शपथ समारोह के लिए सूचित किया है।’
मैंने राष्ट्रपति को कहा है कि हमें 9 तारीख शाम को सुविधा रहेगी और हम तब तक मंत्री परिषद की सूची राष्ट्रपति को सौपेंगे और फिर शपथ समारोह होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी


