BRICS अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले कुलदीप गुर्जर का भोपाल में भव्य सम्मान


भोपाल, 16 नवंबर 2025 (रविवार)।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज कराने वाले भारतीय मजदूर संघ (BMS) के प्रदेश महामंत्री कुलदीप गुर्जर का आज राजधानी भोपाल में भव्य सम्मान किया गया। अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ एवं प्रदेश की पाँचों विद्युत कंपनियों ने संयुक्त रूप से ठेंगड़ी भवन, भारत माता चौराहा में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। यह सम्मान उन्हें चीन के बीजिंग में 19 से 26 अक्टूबर 2025 को आयोजित BRICS देशों के अंतरराष्ट्रीय ट्रेड यूनियन सेमिनार में भारत का सफलतापूर्वक प्रतिनिधित्व करने के उपलक्ष्य में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर श्री गुर्जर की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। दोपहर 1:30 बजे शुरू हुए इस समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अशोक शुक्ला ने की। विशेष अतिथियों में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंत तिवारी, प्रदेश महामंत्री सुशील पांडे, ऊर्जा प्रभारी आशीष सिंह, अखिल भारतीय मंत्री रामविलास टाले, उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह चंदेल, अखिल भारतीय मीडिया प्रभारी रमेश नागर, महिला राष्ट्रीय पदाधिकारी तथा प्रदेश पदाधिकारी सम्मिलित रहे। पाँचों विद्युत कंपनियों के अध्यक्ष, महामंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।
श्री कुलदीप गुर्जर का स्वागत शॉल और रुद्राक्ष माला पहनाकर किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने दत्तोपन्त ठेंगड़ी जी के विचारों को मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि संगठन का संकल्प राष्ट्रहित, औद्योगिक हित और श्रमिक हित के साथ भारतीय संस्कृति, स्वावलंबन, स्वदेशी, पर्यावरण और हिंदी भाषा को बढ़ावा देने की दिशा में सतत कार्य करना है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली यह उपलब्धि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं के सहयोग का परिणाम है।
उन्होंने ऊर्जा विभाग में संगठन के प्रयासों से विद्युत कर्मियों को मिले फ्रेंच बेनिफिट, वेतन विसंगति समाधान, अनुकंपा नियुक्ति, संविदा कर्मियों से जुड़े मुद्दों और कैशलेस बीमा पॉलिसी जैसी उपलब्धियों का श्रेय भी संगठन की सामूहिक शक्ति को दिया।
समारोह का संचालन रामविलास टाले ने किया तथा आभार प्रदर्शन अखिल भारतीय मीडिया प्रभारी रमेश नागर ने किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश के सभी क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने श्री गुर्जर को बधाई देते हुए गर्व व्यक्त किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


