डॉ. विनीत तिवारी को भारतीय योग संसद का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया


भोपाल – विश्व योग संसद की कार्यालय सचिव श्रद्धा गुंदेचा ने आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि भोपाल योग संसदीय क्षेत्र के योग सांसद डॉ. विनीत तिवारी को भारतीय योग संसद का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अंतरिम अध्यक्ष के रूप में डॉ. विनीत तिवारी संगठन की संरचनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे। वे भारतीय योग संसद के सभी कार्यक्रमों, योजनाओं और दैनिक कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाएंगे। यह नियुक्ति संगठन के प्रारंभिक चरण को मजबूत बनाने और शीघ्र ही प्रथम योग सांसद बैठक आयोजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारतीय योग संसद योग की प्राचीन भारतीय परंपरा को आधुनिक संसदीय ढांचे के माध्यम से राष्ट्रव्यापी स्तर पर प्रसारित करने का एक अनोखा प्रयास है। यह संगठन विभिन्न योग संसदीय क्षेत्रों से चुने गए योग सांसदों के माध्यम से योग शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान , अध्यात्म और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कार्य करेगा। अंतरिम अध्यक्ष की यह नियुक्ति संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाएगी।
श्रद्धा गुंदेचा ने आगे कहा कि डॉ. विनीत तिवारी के कुशल नेतृत्व में भारतीय योग संसद शीघ्र ही अपनी प्रथम औपचारिक बैठक आयोजित करेगी, जिसमें संगठन की पूर्ण संरचना का गठन और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। यह कदम योग को जन-जन तक पहुँचाने और भारत को योग की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

