पुण्य आत्माओं के गुणों की चर्चा कर हमें अपनी कमियों को सुधारने की प्रेरणा मिलती है – उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल
स्वर्गीय शीतला प्रसाद तिवारी की पुण्य स्मृति समारोह में शामिल हुए - उप मुख्यमंत्री


भोपाल 24 दिसम्बर 2025. उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि पुण्य आत्माओं के गुणों की चर्चा कर हमें अपनी कमियों को सुधारने की प्रेरणा मिलती है। पुण्यतिथि एवं जन्मदिवस मनाकर हम उनकी मधुर स्मृतियों को याद करते हैं और ऐसा महसूस होता है कि वह अपनों के बीच में ही हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल प्रमुख पेंशनर्स एसोसियेशन द्वारा रीवा में आयोजित स्वर्गीय शीतला प्रसाद तिवारी की पुण्य स्मृति समारोह में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को जिस क्षेत्र में जो काम मिला है उसे पूरी निष्ठा के साथ करना चाहिए। स्वर्गीय शीतला प्रसाद तिवारी में वह गुण था कि वह कर्मचारियों के हित के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे तथा लोग अब भी उन्हें श्रद्धा के साथ स्मरण करते हैं। उनकी पुण्यतिथि पर मुझे भी श्रद्धासुमन अर्पित करने का अवसर मिला। स्वर्गीय तिवारी जी के सुपुत्र आशुतोष तिवारी भी ने अपने पिता जी पदचिन्हों पर चलकर कर्मचारी संगठन में अपना प्रमुख स्थान बनाया है और उनके कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शुद्ध पेयजल व शुद्ध भोजन से ही निरोगी रहा जा सकता है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से हर घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से चल रहा है। रीवा जिले के बसामन मामा में गौवंश अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किया गया है ताकि किसान भारतीय ज्ञान परंपरा की विरासत को अपनाते हुए प्राकृतिक खेती करें और निरोगी रहें। उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री 25 दिसंबर को गौअभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती अभियान का शुभारंभ करेंगे जिससे इस अभियान को और गति मिलेगी। उन्होंने इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति की अपेक्षा की है। उप मुख्यमंत्री ने एसोसियेशन की विभिन्न मांगों के निराकरण के लिए पहल करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आशुतोष तिवारी सहित एसोसियेशन के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।



