
डब्ल्यूपीएल 2026 सीजन के उद्घाटन समारोह में हरनाज संधू, जैकलीन फर्नांडीज और हनी सिंह ने अपना जलवा बिखेरा। आइए देखते हैं कैसा रहा रंगारंग कार्यक्रम
महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 सीजन का रंगारंग आगाज हो गया है। नवी मुंबई में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच पहले मैच से ठीक पहले उद्घाटन समारोह हुआ जिसमें मशहूर अभिनेत्री और 2021 की मिस यूनिवर्स हरनाज संधू परफॉर्म, बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज और प्रसिद्ध रैपर हनी सिंह ने अपने प्रदर्शन से समां बांधा।
उद्घाटन समारोह शुरू होने से पहले टॉस हुआ। डब्ल्यूपीएल 2026 के पहले मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर गत विजेता मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। टॉस के बाद रंगारंग कार्यक्रम शुरू हुआ जिसमें सबसे पहले हरनाज संधू आईं। इसके बाद जैकलीन ने अपने प्रदर्शन से सभी को मोहित किया। अंत में हनी सिंह आए और उन्होंने अपनी धुन पर खिलाड़ियों के साथ ही दर्शकों को जमकर नचाया। उद्घाटन समारोह करीब 45 मिनट तक चला। हरनाज और जैकलीन के परफॉर्म करने के बाद हनी सिंह आए। उनके नाम की घोषणा होने के साथ ही दर्शक खुशी से झूम उठे। हनी सिंह डगआउट से परफॉर्म करते हुए मंच तक आए। हनी सिंह ने अपने सॉन्ग बिलेनियर से शुरुआत की। इस दौरान उनके अगल-बगल हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना बैठी थीं। हनी ने सुन रजा मंद है…. ब्लू आईज, लुंगी डांस और पार्टी ऑल नाइट जैसे गानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हनी सिंह जब परफॉर्म कर रहे थे तब कई खिलाड़ी उनके गाने गुनगुनाते नजर आईं।