स्वामी विवेकानंद जयंती पर भोपाल में युवा चेतना का जागरण, गायत्री शक्ति पीठ पर मशाल जलाकर लिया, राष्ट्र निर्माण का संकल्प


भोपाल।स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज 12 जनवरी को गायत्री शक्ति पीठ, भोपाल में युवाओं द्वारा भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने मशाल प्रज्वलन कर राष्ट्र, समाज और आत्मनिर्माण के लिए संकल्प लिया। पूरा वातावरण “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के ओजस्वी विचारों से गूंज उठा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभाकांत तिवारी जी उपस्थित रहे। उनके साथ विशेष रूप से अमर धाकड़ जी (सह-समन्वयक, मध्यप्रदेश), अनमोल पाठक जी, राम प्रकाश गुप्ता जी, शिवदयाल जी, पंकज जी, गोपाल जी,तथा अभिषेक परमार जी (मीडिया प्रभारी) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथियों में सम्मिलित तिवारी जी ने कहा स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युवा ही भारत के भविष्य का निर्माता है। गायत्री परिवार द्वारा चलाया जा रहा यह युवा जागरण अभियान चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। मशाल प्रज्वलन को अज्ञान के अंधकार को दूर कर चेतना के प्रकाश को फैलाने का प्रतीक बताया गया।
कार्यक्रम में गायत्री शक्ति पीठ की पूरी युवा टीम की सक्रिय सहभागिता रही। अनुशासित, ऊर्जावान और संकल्पबद्ध युवाओं ने यह संदेश दिया कि विवेकानंद का युवा भारत आज भी जीवित है और राष्ट्र को नई दिशा देने के लिए तैयार है। यह आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, कर्तव्यबोध और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ।



