खबरमध्य प्रदेश

यात्रियों की जान जोखिम में,सूखी सेवनिया स्टेशन पर रेल्वे की बड़ी लापरवाही

यात्रियों की जान से खिलवाड़ नहीं होने देंगे— निलेश कुमार श्रीवास्तव

भोपाल l भोपाल के समीप स्थित सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन पर सुबह लगभग 8:30 बजे रेलवे की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिसने यात्री सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य श्री निलेश कुमार श्रीवास्तव ने इस घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए इसे अत्यंत चिंताजनक बताया है।
घटना उस समय हुई जब रेलवे द्वारा भोपाल मेमो ट्रेन के आगमन की घोषणा की गई, लेकिन ट्रेन न तो प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आई और न ही प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर। स्टेशन की दोनों पटरियों पर मालगाड़ियाँ खड़ी होने के कारण यात्री असमंजस की स्थिति में मुख्य रेलवे ट्रैक पर खड़े होने को मजबूर हो गए।
इस दौरान मौजूद एक सतर्क यात्री ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें रेलवे प्रशासन की यह गंभीर चूक साफ तौर पर देखी जा सकती है। यात्री के अनुसार यदि थोड़ी सी भी चूक हो जाती, तो एक भीषण रेल दुर्घटना घटित हो सकती थी।
रेल्वे सलाहकार समिति के सदस्य श्री निलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि
“बिना प्लेटफॉर्म सुनिश्चित किए ट्रेन के आगमन की घोषणा करना यात्रियों की जान से खिलवाड़ है। इस तरह की लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”
उन्होंने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और जवाबदेही तय की जाए, ताकि आम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
जनहित में इस वीडियो को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की जा रही है, ताकि यह मामला रेलवे के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचे और यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button