
भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने परिवार के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सचिन ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी का निमंत्रण दिया। सचिन के साथ इस दौरान पत्नी अंजलि, बेटे अर्जुन, बेटी सारा और अर्जुन की मंगेतर सानिया भी मौजूद थीं। मालूम हो कि अर्जुन और सानिया की शादी को लेकर कई दिनों से अटकलें चल रही थीं, लेकिन अब खुद सचिन ने इस खबर पर मुहर लगा दी है।
सचिन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सचिन ने परिवार के साथ पीएम मोदी से मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की। सचिन ने लिखा, हमें अर्जुन और सानिया के विवाह समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को आमंत्रित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस युवा जोड़े को आपके आशीर्वाद और विचारशील सलाह के लिए मोदी जी को धन्यवाद। सोनिया-राहुल गांधी से भी की मुलाकात
सचिन ने इससे पहले कांग्रेस पार्टी के संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी।वहीं, सचिन ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात कर उन्हें अपने बेटे की शादी का निमंत्रण दिया। सचिन पत्नी अंजलि के साथ सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर मिले थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जुन और सानिया की शादी के कार्यक्रम तीन मार्च से शुरू होगी और मुख्य सेरेमनी पांच मार्च को होगी।