खबर

गुवाहाटी नाइट क्लब में महिला से मारपीट: मैनेजर समेत सात गिरफ्तार; आधी रात के बाद भी क्यों खुला था क्लब?

असम के गुवाहाटी में एक नाइट क्लब में महिला के साथ मारपीट और उसके कपड़े खींचने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शनिवार को इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें क्लब का मैनेजर, इवेंट मैनेजर और फ्रंट ऑफिस का एक कर्मचारी शामिल है। गिरफ्तार लोगों की उम्र 21 से 30 साल के बीच है। इनमें तीन महिलाएं भी हैं।

महिला के साथ क्लब में क्या हुआ था?
पुलिस उपायुक्त तबू राम पेगू के मुताबिक, घटना शुक्रवार तड़के खानापाड़ा इलाके के ‘द लोकल्स’ नाइट क्लब में हुई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जांच की गई और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज देखे गए। पुलिस के अनुसार, फुटेज में रात करीब ढाई बजे बार के अंदर महिला के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद महिला को बाल और कपड़े खींचकर बेसमेंट की ओर ले जाया गया। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई और वह अर्धबेहोशी की हालत में दिखाई दी।महिला ने बाउंसर पर हमला किया था? 
क्लब वाली इमारत में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने दावा किया कि महिला ने क्लब के अंदर बीयर की बोतल से एक महिला बाउंसर पर हमला किया था। उसके मुताबिक, इस घटना से दूसरे बाउंसर नाराज हो गए और महिला को नीचे ले जाकर उसके साथ मारपीट की। यह सुरक्षा गार्ड का दावा है। पुलिस की जांच में घटना के पूरे क्रम और उसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

जांच के घेरे में क्लब का मैनेजमेंट?
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्लब रात साढ़े 12 बजे की निर्धारित समय-सीमा के बाद भी कैसे खुला हुआ था। पुलिस उपायुक्त तबू राम पेगू के मुताबिक, क्लब प्रबंधन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने को नहीं दी थी। इसके बाद दिसपुर थाने में पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस अब घटना के पूरे क्रम, प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका और क्लब के संचालन से जुड़े संभावित नियम उल्लंघनों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button