खेल

गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने फील्डिंग पर दिया जोर, बोले- इस क्षेत्र में टीम को मेहनत करने की जरूरत

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सुपर आठ चरण के मैच से पहले टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने फील्डिंग में सुधार की बात कही है। मोर्कल ने माना कि भारत के लिए इस विभाग में सुधार करना काफी जरूरी है।

टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम के लिए फील्डिंग चिंता का विषय रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में कुल नौ कैच टपकाए हैं। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल का भी मानना है कि टीम को अपनी इस कमजोरी पर काम करने की सख्त जरूरत है। रविवार को सुपर आठ में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच से पहले मोर्कल ने माना कि खराब फील्डिंग और कैच छोड़ने की वजह से बड़े मैचों में बाजी हाथ से फिसल सकती है।

मोर्कल बोले- फील्डिंग में सुधार अहम
मोर्कल ने कहा, ‘यह एक सही सवाल है। फील्डिंग पर हमें सबसे ज्यादा काम करने की जरूरत है। अच्छी फील्डिंग के दम पर हम दो रन और बाउंड्री को रोक सकते हैं। टूर्नामेंट के आखिरी फेज में कैच काफी अहम रोल अदा करने वाली है। कोई भी कैच आसान नहीं होता है और सभी खिलाड़ी इस पर काफी काम कर रहे हैं।’ भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच ने माना कि दबाव भरे मैचों में मुश्किल कैच पकड़ने से पासा पूरी तरह से पलट जाता है। उन्होंने कहा, शानदार कैच पकड़ने की वजह से हम बल्लेबाजी कर रही टीम की लय को बिगाड़ सकते हैं।
सवालों के घेरे में रही है फील्डिंग
भारतीय टीम की फील्डिंग अब तक टूर्नामेंट में सवालों के घेरे में रही है। ग्रुप चरण के बाद सबसे ज्यादा कैच टपकाने के मामले में भारत दूसरे नंबर पर है। टीम इंडिया से ज्यादा कैच सिर्फ आयरलैंड ने छोड़े हैं। आयरलैंड ने कुल 10 कैच छोड़े हैं। हालांकि, भारतीय टीम ने सभी चार मैचों में जीत दर्ज करते हुए सुपर आठ का टिकट हासिल किया है। भारतीय टीम के सुपर आठ ग्रुप को ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ भी कहा जा रहा है। भारत के ग्रुप में मौजूद सभी टीमें अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रही हैं। दूसरे राउंड के पहले मैच में टीम इंडिया की भिड़ंत 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के साथ होनी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button