सुनियोजित तरीके से किए जा रहे हैं रीवा में विकास के कार्य- उप मुख्यमंत्री शुक्ल
व्यंकट क्लब के नवीन भवन का किया लोकार्पण



भोपाल 21 फरवरी 2026’उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा में विकास के कार्य सुनियोजित तरीके से किए जा रहे हैं। आने वाली पीढ़ी को एक ऐसे रीवा की सौगात दिए जाने के प्रयास हैं जहाँ सभी आवश्यकताओं की पूर्ति हो तथा उन्हें अच्छा माहौल भी मिले। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने 164.01 लाख रुपए से निर्मित व्यंकट क्लब के नवीन भवन का लोकार्पण किया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि व्यंकट क्लब की रीवा में अपनी एक अलग पहचान है। अब इसके नवीन भवन के बन जाने से अन्य शहरों के क्लब के साथ इसका एमओयू होगा तो बाहर के लोग आकर यहाँ की व्यवस्थाओं और सुविधाओं की चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि नवीन भवन में शीघ्र फर्नीचर व अन्य आवश्यकताओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि रीवा में पुनर्घनत्वीकरण से हुए कार्यों की अपनी एक अलग ही सुंदरता है। उन्होंने निर्माण एजेंसी व संविदाकार की बेहतरीन क्लब भवन निर्माण के लिए सराहना की।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में हवाई सुविधाओं के विस्तार के बाद से मात्र दो माह में 11 हजार लोग हवाई सफर कर चुके हैं। रीवा-दिल्ली वायुयान सेवा पूरे सप्ताह चलाए जाने तथा रीवा से रायपुर के लिए हवाई सेवा शुरू करने के कार्य प्राथमिकता में हैं। उन्होंने रीवा से सिंगरौली रेल लाइन व सिंचाई के लिए नईगढ़ी माइक्रो की प्रगति में कमिश्नर श्री बीएस जामोद द्वारा किए जा रहे सतत मॉनिटरिंग को अनुकरणीय बताते हुए सराहा।
व्यंकट क्लब के उपाध्यक्ष एवं सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने कहा कि क्लब को बेहतर बनाने के सभी प्रयास होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के प्रयासों से क्लब को नवीन भवन की सौगात मिली है। रीवा शहर मध्यप्रदेश का सबसे तेजी से बढ़ता हुआ शहर है। रीवा जिला उत्तरोत्तर नई उड़ान व ऊंचाईयों को छू रहा है। क्लब के पदेन अध्यक्ष रीवा संभाग के कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि रीवा की पहचान में क्लब के नए भवन का नाम भी जुड़ गया है। क्लब के सशक्त होने से स्वस्थ नागरिक व सशक्त समाज का निर्माण होता है। कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि क्लब के प्राचीन ऐतिहासिक भवन का पुनरूद्धार होगा तथा क्लब परिसर की खुली भूमि का बेहतर उपयोग भी किया जाएगा। महिला क्लब को भी वैधानिक मान्यता दी जाएगी और आने वाले दिनों में अच्छी गतिविधियाँ संचालित होंगी।
उल्लेखनीय है कि व्यंकट क्लब की स्थापना 1937 में हुई थी। अब इसका नवीन भवन बन बया है। क्लब में 164.01 लाख रुपए से निर्मित दो मंजिले क्लब भवन के भूतल में रेस्टोरेंट, हॉल तथा प्रथम तल में 8 कमरों का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती नीता कोल, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे सहित क्लब के सदस्य और गणमान्य जन उपस्थित रहे।


