एम.पी. ट्रांसको में ई-ऑफिस का सुचारु क्रियान्वयन-


जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) में ई-ऑफिस प्रणाली का सफल एवं सुचारु क्रियान्वयन किया गया है। इस व्यवस्था को पूरे प्रदेश में चरणबद्ध रूप से लागू किया गया है। इसके अंतर्गत मुख्यालय शक्ति भवन स्थित विभागों सहित प्रदेश के समस्त फील्ड एवं वृत कार्यालयों में विभागीय पत्राचार, नोटशीट तथा अन्य कार्यालयीन कार्य अब ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।
-चरणबद्ध तरीके से हुआ लागू-
एम.पी. ट्रांसको के आईटी हेड डॉ हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली का क्रियान्वयन कंपनी के आई.टी.-ई.आर.पी. संकाय द्वारा योजनाबद्ध तरीके से
विभिन्न चरणों में किया गया। प्रथम चरण में मुख्यालय शक्ति भवन, जबलपुर स्थित कार्यालयों में ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य प्रारंभ किए गए। इसके पश्चात दूसरे चरण में प्रदेश के अन्य क्षेत्रीय एवं फील्ड कार्यालयों में भी इस प्रणाली को लागू किया गया। इसमें प्रोग्रामर नीलम मर्सकोले का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
–लगातार दिया जा रहा है प्रशिक्षण–
ई-ऑफिस की कार्यप्रणाली को प्रभावी रूप से अपनाने के लिए अधिकारियों से लेकर संबंधित कर्मचारियों तक सभी को निरंतर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। आई.टी.-ई.आर.पी. संकाय के प्रोग्रामर श्री प्रवीण शुक्ला द्वारा विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर ‘टेबल-टू-टेबल’ एवं आनलाइन व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया है। साथ ही कर्मचारियों एवं अधिकारियों की शंकाओं का समाधान कर उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाया गया है।
ई-ऑफिस प्रणाली के सफल संचालन के लिए मुख्यालय शक्ति भवन में एक समर्पित हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जिसमे नीलम मर्सकोले, प्रोग्रामर द्वारा आवश्यक तकनीकी सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है


