41वां मध्यप्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन 26 से 28 फरवरी तक भोपाल में
प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों को मिलेगा शोध एवं नवाचार का मंच
मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) द्वारा 41वें मध्यप्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन का आयोजन 26 से 28 फरवरी तक भोपाल में किया जाएगा।इसका उद्देश्य प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शोध एवं नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना है। सम्मेलन में प्रदेश के 300 से अधिक युवा शोधार्थियों द्वारा विज्ञान और प्रौद्योगिकी के 18 विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनका मूल्यांकन 50 से अधिक विषय विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों द्वारा किया जाएगा। उत्कृष्ट शोध पत्रों को युवा वैज्ञानिक पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं फैलोशिप प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के लिए 25 हजार रुपये,द्वितीय पुरस्कार के लिए 20 हजार रुपये एवं तृतीय पुरस्कार के लिए 15 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है।सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान एवं प्रयोगशाला में शोध कार्य एवं कौशल उन्नयन के लिए 3 से 6 माह तक फैलोशिप के लिए 20 हज़ार रूपये प्रतिमाह दिये जाएंगे।
41वाँ मध्यप्रदेश युवा वैज्ञानिक सम्मेलन 26 एवं 27 फरवरी को मेपकॉस्ट विज्ञान भवन में आयोजित होगा। इसके विजेताओं का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर रवीन्द्र भवन भोपाल में किया जाएगा। प्रदेश के युवा वैज्ञानिकों को शोध के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने एवं उचित मंच प्रदान करने के लिए मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद प्रतिवर्ष युवा वैज्ञानिक कांग्रेस का आयोजन करती है।


