खबर

इंग्लैंड की चुनौती से पार पाने की तैयारी: फॉर्म में वापसी के लिए बेताब अभिषेक शर्मा, नेट्स पर जमकर बहाया पसीना

गत चैंपियन भारतीय टीम टी20 विश्व कप में खिताब बचाव करने से दो कदम दूर है। भारत का सामना अब गुरुवार को इंग्लैंड से होगा और टीम इस मुकाबले की तैयारी में जुट गई है। भारत के लिए अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय है। अभिषेक ने मंगलवार को नेट्स पर जमकर पसीना बहाया।

टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम ने मंगलवार को मुंबई में अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। मुख्य नेट सत्र के दो घंटे बाद अभिषेक शर्मा एक मजबूत इरादे और वानखेड़े की प्यारी यादों के साथ बल्लेबाजी करने उतरे। गुरुवार को होने वाले सेमीफाइनल में भारत की विरोधी टीम इंग्लैंड के खिलाफ ठीक एक साल पहले अभिषेक ने 54 गेंद में 135 रन बनाए थे। बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन बनाकर टूर्नामेंट में पहली अच्छी पारी खेली थी, लेकिन वह अपनी सर्वश्रेष्ठ आक्रामक फॉर्म से काफी दूर हैं।

कोटक की निगरानी में किया बल्लेबाजी अभ्यास
थोड़ी देर गेंदबाजी के बाद अभिषेक बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक की निगरानी में नेट पर बल्लेबाजी के लिए चले गए। कोटक के नेट गेंदबाजों को निर्देश देने के बाद अभिषेक ने स्पिनर्स के खिलाफ अपना सत्र शुरू किया। दूर जाती गेंद पर उन्हें हो रही परेशानी को देखते हुए ऑफ स्पिनर से गेंदबाजी की शुरुआत कराई गई। एक लेग स्पिनर और अर्शदीप सिंह ने भी साथ में गेंदबाजी की। ऑफ स्पिन के खिलाफ अभ्यास के लिए तिलक वर्मा ने भी लंबे बल्लेबाजी सत्र के बाद अभिषेक को गेंदबाजी की।
ग्रहण के कारण एक घंटी की देरी से शुरू हुआ सत्र
चंद्र ग्रहण की वजह से एक घंटे की देरी से हुए सत्र के लिए टीम के सभी 15 सदस्य आए। खिलाड़ी अच्छे मूड में दिख रहे थे और वार्मअप के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर भी उनका साथ दे रहे थे। महत्वपूर्ण मैच से दो दिन पहले पिच ने भी काफी ध्यान खींचा क्योंकि इस पर काफी घास थी जिसके मैच वाले दिन काफी कम होने की उम्मीद है। सत्र में आकर्षण में अर्शदीप की कई जबरदस्त यॉर्कर भी शामिल थीं।

प्लेइंग-11 में बदलाव करेगा भारत?
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अधिकतर रेंज हिटिंग की और उन्होंने दो घंटे से अधिक बल्लेबाजी की। तिलक और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों ने एक घंटे से अधिक बल्लेबाजी की जिसमें तेज और स्पिन मिश्रित गेंदबाजी का सामना किया। तिलक ने कुलदीप यादव के खिलाफ स्लॉग स्वीप का इस्तेमाल किया और वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर सीधी बाउंड्री पार की। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बड़े मुकाबले के लिए खुद को तैयार करने के लिए जमकर पसीना बहाया। भारत के अपनी प्लेइंग-11 में बदलाव करने की संभावना नहीं है क्योंकि पिछले दो मैच में उसने अभिषेक के साथ संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में शामिल करके सही संयोजन ढूंढ लिया है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button