खबरमध्य प्रदेश

पति-पत्नी, बेटी और दामाद गिरफ्तार, कारोबारी को फ्लैट पर बुलाकर रेप केस में फंसाने की दी थी धमकी

कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राजस्थान के ऑटो पार्ट्स कारोबारी के साथ हुए हनी ट्रैप केस में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पति-पत्नी अपनी बेटी और दामाद के साथ मिलकर गैंग चला रहे थे। कारोबारी को मां-बेटी ने फ्लैट पर मिलने बुलाया था जहां पति और दामाद ने रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 12 लाख कीमत का 8 तोला सोना लेकर भाग गए थे। पड़ाव पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

दरअसल, राजस्थान के कोटा शहर के रहने वाले भरत भूटानी ने पड़ाव थाना पुलिस को सूचना देकर बताया कि उनके पास मौजूद सोने की लूट हो गई है। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज देखी गई तो लूट की कहानी संदेह में नजर आई। आगे जांच पड़ताल की गई तो लूट की कहानी हनी ट्रैप में बदल गई। जिसमें सामने आया कि भरत को शहर के गांधीनगर स्थित एक घर पर बुलाया गया था जहां रीता आर्य ने अपने पति और बेटी और दामाद के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई हुई थी।

भरत से उसकी पहचान इंदौर की रहने वाली सहेली नेहा ने करवाई थी। भरत जब रीता के घर पहुंचे तो मेहमान की तरह बिठाया और बाद में रीता उन्हें कमरे में ले गई। इसी दौरान रसोई में छिपे राजेंद्र विशाल मुंह पर कपड़ा बांधकर कमरे में घुस आए। दोनों ने मोबाइल में रिकॉर्डिंग चालू कर भरत पर आरोप लगाए, जेल भेजने की धमकी दी और फिर भरत के हाथ से अंगूठी, कड़ा और गले से सोने की चेन छीन ली।

घबराकर भरत ने पुलिस को लूट की कहानी बताई लेकिन बाद में कहानी झूठी निकली। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के गहने बरामद किए हैं। ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह यादव का कहना है कि चारों आरोपियों की पुलिस रिमांड ली जा रही है ताकि यह पता किया जा सके कि भरत के अलावा क्या अन्य लोग भी उनके हनी ट्रैप का शिकार बने हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button