नारी को अपनी आंतरिक शक्ति और क्षमता को पहचानने की आवश्यकता – बीके डॉ. रीना दीदी
ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “खुशहाल महिला, खुशहाल परिवार” विषय पर कार्यक्रम संपन्न


ब्रह्माकुमारीज़, राजयोग भवन, अरेरा कॉलोनी भोपाल।
अरेरा कॉलोनी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के क्षेत्रीय मुख्यालय राजयोग भवन के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े ही भव्यता से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके डॉ. रीना दीदी ने सभी अतिथियों का सुगन्धित गुलदस्ते से स्वागत किया।
ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र प्रभारी बीके डॉ. रीना दीदी ने “खुशहाल महिला, खुशहाल परिवार” विषय पर अपना प्रेरणादायी उद्बोधन दिया। दीदी ने कहा कि महिला के व्यक्तिगत सुधार और खुशहाली से पूरा परिवार खुशहाल बनता है। नारी परिवार की नींव बनकर समाज में बहुत बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। साथ ही कहा कि सृष्टि की निर्माता माता है, नारी ही अच्छे संस्कारों की निर्माता है। एक अच्छे समाज को बनाने की निर्माता भी माता है। दीदी जी ने कहा की इस संसार में नारी ही कल्याणी है। नारी के उत्थान के संकल्प के साथ उसे समाज में खोया सम्मान दिलाने, भारत माता, वंदे मातरम् की गाथा को सही अर्थों में चरितार्थ करने में ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान पिछले 90 वर्षों से लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्वा शर्मा त्रिवेदी, रश्मि टोंगिया, प्रीति सिंह, गरिमा श्रीवास्तव, शैलजा एवं राजकुमारी गौर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में उपस्थित बहन प्रीति सिंह, जो अपने एनजीओ के माध्यम से दृष्टिबाधित लोगों की सेवा कर रही हैं, ने कहा कि जब नारी के भीतर मातृत्व भाव जागृत होता है तो सेवा कार्य स्वतः जन्म लेते हैं। बहन गरिमा श्रीवास्तव, जो मध्यप्रदेश की उत्कृष्ट एथलीटों में से एक हैं और जिन्हें जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला द्वारा “मध्यप्रदेश की स्वर्ण कन्या” की उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है, ने कहा कि यदि नारी ठान ले तो वह कुछ भी कर सकती है और उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
बहन रश्मि टोंगिया, जो रोटरी क्लब शाहपुरा, भोपाल की चार्टर सदस्य हैं, ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज के कार्यक्रमों में आने से मानसिक शांति और सकारात्मकता का अनुभव होता है।
वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता पूर्वा शर्मा त्रिवेदी ने ब्रह्माकुमारीज से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह स्वयं को भाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें इस आध्यात्मिक मार्ग से जुड़ने का अवसर मिला।
इस अवसर पर बहन शैलजा जी, जिन्हें ज्योतिष भूषण की उपाधि से सम्मानित किया गया है तथा जो मेडिकल एस्ट्रोलॉजी में कार्यरत हैं और निर्भय फाउंडेशन की ब्रांड एंबेसडर हैं, ने कहा कि जब भी वह किसी का भविष्य और ग्रहों की दशा देखती हैं तो उन्हें ब्रह्माकुमारीज से जुड़ने की सलाह देती हैं, क्योंकि वहां जाने से कई मानसिक और जीवन की बाधाएँ दूर हो जाती हैं।
बहन राजकुमारी गौर, जो इनर व्हील क्लब की सचिव हैं, ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज में आकर उन्हें आत्मिक आनंद की अनुभूति होती है।
ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान का परिचय देते हुए बीके आशीष भाई ने बताया कि यह विश्व का एकमात्र ऐसा आध्यात्मिक संस्थान है, जिसका संचालन नारी शक्ति द्वारा किया जाता है। तथा आभार प्रदर्शन ब्रह्माकुमार रवींद्र भाई ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर बीके अर्जुन भाई ने अपने नृत्य की सुंदर प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को ईश्वरीय उपहार भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने किया।
कार्यक्रम के पश्चात् उपस्थित सभी ने ब्रह्मा भोजन स्वीकार किया।



