युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति, व्यक्ति निर्माण से होगा विकसित भारत का सपना साकार: विश्वास सारंग
दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा संसद का हुआ समापन



भोपाल: मप्र विधानसभा के मानसरोवर सभागार में माय भारत मप्र (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद के समापन समारोह में युवाओं को संबोधित करते हुए खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है” और जब तक व्यक्ति का चरित्र निर्माण नहीं होगा, तब तक एक सशक्त राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है।
व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का मंत्र
मंत्री सारंग ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि युवाओं को केवल करियर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। युवाओं को अपने देश की सांस्कृतिक विरासत और प्रगति पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि यही गौरव बोध उन्हें देश के लिए कुछ बड़ा करने की प्रेरणा देता है।
बजट 2026: युवाओं के लिए अवसरों का द्वार
आर्थिक परिप्रेक्ष्य में बात करते हुए उन्होंने उल्लेख किया कि केंद्र सरकार ‘विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट 2026 में युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। ये योजनाएं युवाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनाएंगी, बल्कि वैश्विक पटल पर भारत की धाक भी जमाएंगी।
उन्होंने युवा संसद जैसी प्रतियोगिताओं की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मंत्री जी ने कहा कि भाषण और वाद-विवाद केवल प्रतियोगिताएं नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज में नकारात्मकता को छोड़कर सकारात्मक कार्यों में संलग्न हों।
मंत्री सारंग ने अंत में कहा कि आज का युवा केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज का सारथी है। युवा संसद के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को सीखना एक विकसित समाज की आधारशिला है।अपने संदेश में उन्होंने कहा कि आज भारत नई ऊर्जा, नई उमंग और नए आत्मविश्वास के साथ वैश्विक मंच पर उभर रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस नए भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएँ। अंत में उन्होंने सभी विजेताओं को शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर निर्णायक मंडल में माधव दफ्तरी (अवर सचिव, मप्र विधानसभा ) एम. एल. मनवानी (अवर सचिव, मप्र विधानसभा ), अक्षत शर्मा ( वरिष्ठ पत्रकार), आदित्य श्रीवास्तव (दूरदर्शन, मध्य प्रदेश) एवं चित्रांश खरे (सहायक प्राध्यापक, गर्ल्स कॉलेज, सीहोर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। ज्ञात हो कि दो दिवसीय युवा संसद में प्रदेश के समस्त जिलों के 250 से अधिक युवाओं ने अपने विचार व्यक्त किए, प्रतियोगिता से चयनित 3 प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।


