श्री उदासीन आश्रम मरघटिया मंदिर में शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न
पंडित गंगा प्रसाद आचार्य के आचार्यत्व में मां भगवती का पूजन अर्चन आयोजित



भोपाल। श्रीउदासीनआश्रम मंदिर मरघटिया महावीर में शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न हुई। आश्रम के श्री महंत 1008 श्री कन्हैयादास जी महाराज उदासीन के मार्गदर्शन में एवं पंडित गंगा प्रसाद आचार्य के आचार्यत्व में मां भगवती का पूजन अर्चन पीठार्चन महा अभिषेक तथा कन्या बटुक पूजन, वेद ब्राह्मण पूजन, मंडप मंडल पूजन और आवाहित देवताओं का हवन तथा दुर्गा सप्तशती से विशेष आहुतियों के सहित सांगोपांग हवन मार्जन तर्पण, दिग्पाल पूजन, बलिदान, क्षेत्रपाल पूजन अर्चन बलिदान, स्वस्टिकृत, पूर्णाहुति महा आरती पुष्पांजलि आदि संपन्न हुआ । पंडित गंगा प्रसाद आचार्य ने बताया कि वैदिक एवं पौराणिक विधि विधान से शतचंडी महायज्ञ में 11 वैदिक विद्वानों के द्वारा दुर्गा सप्तशती का पाठ बीज मंत्र का जाप, विद्वानों के द्वारा किया गया। विद्वानों में पंडित नारायण प्रसाद, पंडित राधेश्याम शास्त्री, पंडित उमा शंकर शास्त्री, पंडित मनीष शास्त्री, पंडित हरिप्रसाद शास्त्री, पंडित विष्णु प्रसाद शास्त्री, पंडित पवन कुमार शास्त्री, पंडित सर्वेश शास्त्री, पंडित निलेश कुमार पारे, आदि विद्वानों ने महायज्ञ को निर्विघ्नता पूर्वक संपादित करने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। महायज्ञ व्यवस्था का कार्य पंडित नवल किशोर मिश्रा, संत देवदास, आकाश दास उदासीन एवं बटुक ब्रह्मचारीगण और पुजारी तथा भक्तों ने बड़े श्रद्धा भाव से पूजन अर्चन, अभिषेक एवं हवन आदि किया। आश्रम में 19 मार्च से आयोजित महायज्ञ में धार्मिक वातावरण के साथ-साथ देवी आराधना और उपासना की गई।




