मध्य प्रदेश

विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव करें तैयार : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल। 1 अप्रैल 2026. उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय भोपाल में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्विभागीय विषयों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए अहम निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती सुनिश्चित करने के लिए अन्य राज्यों के मॉडल के आधार पर नियुक्ति की शर्तों एवं प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कैबिनेट अनुमोदन हेतु भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति महत्वपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने नर्सिंग एडमिशन प्रक्रिया को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर सक्षम समिति के अनुमोदन के लिए शीघ्र अग्रेषित करने को कहा। उन्होंने क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक के लिए पदों की स्वीकृति, मेडिकल कॉलेज ग्वालियर में सीटीवीएस सेवा, सागर में कैंसर अस्पताल की स्थापना और चिकित्सालयों में जन आश्रय सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने सोनोग्राफी कोर्स पूर्ण कर चुके स्त्री रोग विशेषज्ञों को संबंधित रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं प्रदान करने के लिए अधिकृत करने के विषय में उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि इस संबंध में शासन का पक्ष प्रस्तुत करते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्राप्त करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश में विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अशोक बर्नवाल, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन  संजय शुक्ला, आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा  धनराजू एस तथा अपर सचिव सामान्य प्रशासन  अजय कटसेरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button