खबरमध्य प्रदेश

आउटसोर्स कर्मचारियों ने नौकरी में सुरक्षा और वेतन वृद्धि की मांग की

गांधी भवन में आउटसोर्स कर्मचारियों की प्रांतीय बैठक आयोजित


आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु विधायक भगवानदास सबनानी ने दिया आश्वासन

भोपाल। युवा आउटसोर्सिंग सामाजिक कल्याण समिति द्वारा पॉलीटेक्निक चौराहा, भोपाल स्थित गांधी भवन में मध्यप्रदेश के आउटसोर्स कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक 5 अप्रैल को  आयोजित की गई। इस प्रांतीय बैठक में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भोपाल दक्षिण. पश्चिम के विधायक  भगवानदास सबनानी  व विशेष अतिथि  अनिल बाजपेयी एवं संगठन के पदाधिकारी  दीपक सिंह (प्रदेश अध्यक्ष),  प्रकाशपुंज चौधरी (प्रदेश महामंत्री),  आशीष सिंह सिसोदिया (प्रदेश संगठन मंत्री),  रामप्रसाद द्विवेदी (कोषाध्यक्ष सह प्रदेश प्रवक्ता),  अखिलेश श्रीवास्तव (सलाहकार),  राजपाल दिवाकर (प्रदेश संयुक्त सचिव) एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, सैकड़ों की संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन के प्रतिनिधियों ने विधायक भगवान दास सबनानी को अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों और कार्यस्थल पर आ रही समस्याओं को विस्तार से साझा किया। कर्मचारियों ने सरकार के संकल्प पत्र 2023 के पृष्ठ क्र 81 अनुसार मुख्य रूप से नौकरी की सुरक्षा, वेतन वृद्धि और शोषण मुक्त कार्य वातावरण की मांग की।

भोपाल दक्षिण-पश्चिम के विधायक  भगवानदास सबनानी  ने कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि म.प्र. के समस्त विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा संकल्प पत्र 2023 में आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों के संबंध में जो भी लेख किया गया है उसका म.प्र. सरकार द्वारा अक्षरशः पालन किया जायेगा।  मुख्यमंत्री डॉ .मोहन यादव  द्वारा कर्मचारियों के लिए विशेष रूप से कार्य-योजना तैयार की जा रही है।  विधायक सबनानी द्वारा यह भी विश्वास दिलाया गया कि वह व्यक्तिगत रूप से  मुख्यमंत्री व  श्रम मंत्री  प्रहलाद पटेल  से आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा-सुरक्षा व वेतन के संबंध में चर्चा करेंगे एवं युवा आउटसोर्सिंग सामाजिक कल्याण समिति के प्रतिनिधियों को समक्ष में भेंट-वार्ता करायेगें । साथ ही आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों के लिए अपनी ओर से भी प्रयास करेंगे व जायज मांगों को सरकार के समक्ष उचित पटल पर रखेंगे।

7 अप्रैल को मांगों को लेकर सौंपा जाएगा ज्ञापन

युवा आउटसोर्सिंग सामाजिक कल्याण समिति द्वारा दिनांक 7 अप्रैल 2026 को आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ हो रहे शोषण, जॉब-सिक्योरिटी, वेतन विषंगति, ई. एस. आई. पी.एफ एवं बोनस इत्यादि अन्य समस्याओं के संबंध में ज्ञापन जिला कलेक्टर भोपाल को सौंपा जायेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button