भोपाल में गूंजेगी ‘अमृत पीढ़ी’ की आवाज़: प्रदेश के 1 हजार युवा होंगे सम्मिलित
12-13 अप्रैल को माय भारत बजट क्वेस्ट का होगा ग्रैंड फिनाले


भोपाल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय युवा भारत, मध्य प्रदेश द्वारा 12-13 अप्रैल को ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता फिनाले होने जा रहा है, जो युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी और नीति-निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह दो दिवसीय आयोजन माय भारत मप्र द्वारा रायसेन रोड स्थित आर्यभट्ट ऑडिटोरियम, एलएनसी महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देशभर से चयनित युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे केंद्रीय बजट 2026 से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा कर सकें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ पहल का हिस्सा है, जो युवाओं को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ को 2 फरवरी 2026 को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा लॉन्च किया गया था। इस पहल के अंतर्गत देशभर के 12 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया और 46,500 से अधिक निबंध प्राप्त हुए, जिससे यह देश के सबसे बड़े युवा सहभागिता कार्यक्रमों में से एक बन गया है। यह प्रतियोगिता तीन चरणों—राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन और नेतृत्व संवाद—में आयोजित की गई थी।
भोपाल में आयोजित इस ग्रैंड फिनाले में चयनित प्रतिभागी ‘विकसित कृषि’, ‘मानव पूंजी’, ‘विकसित भारत’ तथा ‘महिला नेतृत्व एवं समावेशी विकास’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा करेंगे। कार्यक्रम की विशेषता ‘नारी शक्ति: विकसित भारत की आवाज़’ थीम पर आधारित महिला युवा संसद होगी, जिसमें महिला प्रतिभागी संसदीय शैली में महिला आरक्षण विधेयक जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगी। यह सत्र महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और उनकी आवाज़ को राष्ट्रीय विमर्श में प्रमुखता से स्थापित करने का प्रयास है।
कार्यक्रम 12 अप्रैल को दोपहर सत्र में महिला युवा संसद आयोजित की जाएगी, जबकि 13 अप्रैल को उद्घाटन समारोह, ‘माय भारत ’ सत्र और विशेषज्ञों की पैनल चर्चाएं होंगी। इसी दिन मध्य प्रदेश के 1051 चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय टॉपर्स के साथ केंद्रीय बजट के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे। यह संवाद सहभागी शासन की भावना को साकार करता है, जिसमें युवा अपने विचार सीधे नीति-निर्माताओं तक पहुंचा सकते हैं। यह आयोजन न केवल युवाओं की बौद्धिक क्षमता और नेतृत्व कौशल को प्रदर्शित करेगा, बल्कि ‘अमृत पीढ़ी’ की उस ऊर्जा और संकल्प को भी उजागर करेगा, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। भोपाल में होने वाला यह ग्रैंड फिनाले निश्चित रूप से युवाओं के विचारों, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को एक नई दिशा प्रदान करेगा।


