खेल

चेन्नई सुपर किंग्स ने KKR को 32 रन से रौंदा

फॉर्म में लौटी चेन्नई,लगातार जीता दूसरा मैच

चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 22वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। सीएसके ने इस मुकाबले में कोलकाता को पूरी तरह से डॉमिनेट किया और 32 रन से मैच अपने नाम कर लिया। बता दें कि चेन्नई की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले उन्होंने चेन्नई में ही दिल्ली कैपिटल्स को हराया था। अब सीएसके के 4 अंक हो गए हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स 194 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन ही बना पाई। कोलकाता के लिए सर्वाधिक 35 रन रमनदीप सिंह ने बनाए। रोवमेन पॉवेल 31 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान अजिंक्य रहाणे (28), अंगकृष रघुवंशी (27) और सुनील नरेन (24) सेट तो हुए थे। लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। कैमरन ग्रीन गोल्डन डक का शिकार हो गए। वहीं रिंकू सिंह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे सफल गेंदबाज नूर अहमद रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए। 2 विकेट अंशुल कम्बोज को भी मिले। 1-1 विकेट खलील अहमद और अकील हुसैन ने लिए। बता दें कि कोलकाता अब तक आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं जीत पाई है। केकेआर का सिर्फ एक पॉइंट है, जो उनको पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच धुलने की वजह से मिला था।

कुछ ऐसी रही थी सीएसके की पारी

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही। ऋतुराज 6 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद दूसरे विकेट के लिए संजू सैमसन और आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला और 22 गेंदों में 47 रनों की अहम साझेदारी निभाई।

म्हात्रे और संजू ने खेली थी अच्छी पारी

आयुष महज 17 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 38 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रन बनाए। सैमसन ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 18 गेंदों में 23 रन बनाने के बाद सुनील नरेन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। डेवाल्ड ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 41 रनों का योगदान दिया। ब्रेविस ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 2 छक्के लगाए।

अंत के ओवरों में शिवम दुबे संघर्ष करते हुए नजर आए और वह 12 गेंदों में 13 और जेमी ओवरटन 7 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में केकेआर की ओर से कार्तिक त्यागी ने 35 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन ने एक-एक विकेट निकाला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button