

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आक्रामक रूप से पीएम मोदी पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि आजकल आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा देखा है। मैं उनकी आंख में देखता हूं लेकिन वे आंख में आंख नहीं मिला पाते हैं। मैं उसकी आंख में देखता हूं लेकिन वह ऊपर-नीचे देखते रहते हैं। देश को कहा था कि 56 इंच की छाती है, मजाक है मजाक। देश को बेच दिया है नरेंद्र मोदी ने।
राहुल गांधी बोले- बंगाल की जनता टीएमसी और बीजेपी दोनों से परेशान
राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता TMC और BJP दोनों से परेशान है। मोदी भ्रष्ट हैं और TMC भी भ्रष्टाचार में पीछे नहीं हैं। इसीलिए प्रदेश की जनता चुनावों में ‘वोट की चोट’ से सबक सिखाने को तैयार है। राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता TMC के भ्रष्टाचार और BJP के झूठे वादों से तंग आ चुकी है, इसलिए वह अब बदलाव के लिए तैयार है। कांग्रेस पार्टी जनता के हक की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।
भाजपा-आरएसएस की नफरत भरी सोच संविधान को नष्ट कर रही
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की नफरत भरी सोच संविधान को नष्ट कर रही है। राहुल गांधी ने साथ ही भाजपा पर वोट चोरी का आरोप भी लगाया।
- पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता गांधी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की नफरत भरी सोच संविधान को नष्ट कर रही है।
- उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर वोट चोरी में शामिल होने और लोकतंत्र को नष्ट करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने राज्य के लोगों से किए गए वादे के अनुसार नौकरियां नहीं दी हैं।
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पांच लाख लोगों को नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है।


