कलखेड़ा में बाबा साहेब अंबेडकर संयुक्त जयंती पर निकली 25 किमी लंबी भव्य वाहन रैली, जगह-जगह हुआ स्वागत


भोपाल। ग्राम कलखेड़ा में 16 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर संयुक्त जयंती उत्सव के अवसर पर भव्य चल समारोह एवं वाहन रैली का आयोजन किया गया। लगभग 25 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा एवं स्वागत कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
रैली भानपुर केकाडिया से प्रारंभ होकर सिंकदराबाद, मुंगलिया बरखेड़ा, नाथू बरखेड़ी, सूरज नगर और नीलबड़ होते हुए ग्राम कलखेड़ा पहुंची, जहां विशाल जनसभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों एवं बुजुर्गों का सम्मान भी किया गया तथा भोजन व्यवस्था की गई।
विशेष आकर्षण के रूप में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से राष्ट्रीय मिशनरी सिंगर त्रिशला बौद्ध एवं निशांत सिंह एंड ग्रुप ने बाबा साहेब अंबेडकर के गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। साथ ही नवनीत जाटव (मुरादाबाद) की उपस्थिति ने भी कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं बी.आर. अंबेडकर जनकल्याण समिति कलखेड़ा के अध्यक्ष रवि खरे ने अपने उद्बोधन में बाबा साहेब के बताए मार्ग “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” पर चलने का आह्वान किया। वहीं योगेश मान सिंह कुशवाहा ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर देते हुए युवाओं को आगे आने की प्रेरणा दी। राहुल मारन ने शिक्षा को लेकर कहा की शिक्षा वो हथियार है जिससे हमेशा जीता जा सकता है
पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और एकता का संदेश देने में सफल रहा।



