सूर्यवंशी के शतक के बावजूद राजस्थान हारा:हैदराबाद 5 विकेट से जीता; अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की फिफ्टी


15 साल के वैभव सूर्यवंशी के शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा। IPL 2026 के 36वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 228 रन बनाए। 229 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही हैदराबाद ने 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। ईशान किशन ने 74 और अभिषेक शर्मा ने 57 रन की तेज पारियां खेलीं। नीतीश कुमार रेड्डी ने 36 और हेनरिक क्लासन ने 29 रन का योगदान दिया। राजस्थान से जोफ्रा आर्चर और ब्रजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। इससे पहले राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 37 गेंदों पर 103 रन बनाए। उन्होंने 36 गेंदों में अपना दूसरा IPL शतक पूरा किया। वैभव ने 12 छक्के और 5 चौके भी लगाए। वहीं ध्रुव जुरेल ने 51 रन और डोनोवन फरेरा ने 16 गेंदों पर 33 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने 2 विकेट लिए, जबकि पैट कमिंस, नीतीश रेड्डी, साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे को 1-1 सफलता मिली।



