ईमानदारी और मानवता की मिसाल बना पर्यटन निगम का यूनिट डोडी की स्टॉफ



भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की इंदौर भोपाल हाईवे स्थित इकाई डोडी में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक परिवार की खोई हुई कीमती ज्वेलरी एवं सामान से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार, अशोक गुप्ता एवं उनका परिवार उज्जैन में पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर भोपाल लौट रहा था। यात्रा के दौरान वे कुछ समय के लिए इंदौर उज्जैन – भोपाल हाईवे पर स्थित निगम की इकाई डोडी पर रुके थे। इसी दौरान अनजाने में उनका एक बैग वहीं छूट गया, जिसमें कीमती आभूषण और निजी सामान रखा हुआ था।
जब गुप्ता परिवारजन को बैग के गुम हो जाने का पता चला तो वे पुनः डोडी पहुंचे और वहां सहायता की गुहार लगाई, इस दौरान डोडी इकाई के प्रबंधक श्री राजेश छुगानी ने व्यक्तिगत रूप से करीब दो घंटे तक सीसीटीवी फुटेज की जांच कर परिवार की मदद की, जांच के दौरान पता चला कि श्री गुप्ता का वाहन निकलने के बाद यूनिट के रेस्टोरेंट में कार्यरत कर्मचारी श्री पप्पू बागवान एवं श्री अशोक बागवान को लावारिस बैग दिखाई दिया था, जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ इकाई के सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षित रखने हेतु सौंप दिया। कर्मचारियों की सतर्कता और प्रबंधन के सहयोग से गुप्ता परिवार को उनका पूरा सामान सुरक्षित वापस मिल गया। इस घटना से प्रभावित होकर अशोक गुप्ता एवं उनके परिवार ने डोडी के समस्त स्टॉफ, विशेष रूप से प्रबंधक श्री राजेश छुगानी, श्री पप्पू बागवान एवं अशोक बागवान के प्रति आभार व्यक्त किया है। गुप्ता परिवार ने कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी और नैतिकता दुर्लभ है तथा पर्यटन निगम की इकाई डोडी के स्टॉफ न केवल उनका कीमती सामान लौटाया बल्कि मानवता और विश्वास को भी मजबूत किया है।



