नर्मदा मिशन परिवार द्वारा रवीन्द्र भवन भोपाल में ‘नर्मदा चिंतन’ बौद्धिक संगोष्ठी का आयोजन आज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संग दादागुरू होंगे शामिल


भोपाल | मई 14, 2026. नर्मदा मिशन परिवार द्वारा आज शाम 5 बजे से रवीन्द्र भवन, भोपाल में ‘नर्मदा चिंतन’ बौद्धिक संगोष्ठी का आयोजन अवधूत सिद्ध महायोगी श्री दादागुरु भगवान की उपस्थिति में किया जा रहा है , जो पिछले 2000 दिनों से अखंड निराहार साधना में लीन हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, मप्र जनअभियान परिषद के उपाध्याय पद्मश्री मोहन नागर एवं पर्यावरण संरक्षक गतिविधि के अखिल भारतीय संयोजक गोपाल आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक एवं पूर्व कुलपति डॉ रविशंकर शर्मा ‘अवधूत सिद्ध महायोगी पूज्य दादागुरु भगवान : चिकित्सा विज्ञान के लिए चुनौति’ विषय पर अपनी बात रखेंगे। संगोष्ठी में प्रकृति एवं संस्कृति पर केन्द्रित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैश्विक संकट, चुनौतियां और प्रकृति-प्रधान भारतीय सनातन संस्कृति पर विशेष चिंतन होगा। यह संगोष्ठी माँ नर्मदा, धर्म, धरा, धेनु, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समर्पित है। आयोजन में ‘मप्र जन अभियान परिषद’ सहयोगी संस्थान के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।



