कलियासोत डैम पर SEAS Foundation द्वारा विशाल स्वच्छता अभियान आयोजित
भोपाल, 17 मई 2026। शहर के प्रसिद्ध पर्यटन एवं प्राकृतिक स्थल कलियासोत डैम पर रविवार प्रातः SEAS Foundation द्वारा एक विशाल “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक चले इस अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने कलियासोत डैम एवं आसपास के क्षेत्र में सफाई कर प्लास्टिक, कचरा एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित किया। साथ ही वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि कलियासोत डैम भोपाल का एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थल है, जिसकी स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि यदि युवा वर्ग इसी प्रकार समाज सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में आगे आता रहा, तो निश्चित रूप से शहर को स्वच्छ एवं हरित बनाया जा सकता है। अभियान में स्वयंसेवकों ने “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत”, “प्लास्टिक मुक्त वातावरण” एवं “Clean Today, Green Tomorrow” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान कई नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना की तथा भविष्य में ऐसे अभियानों में जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।
SEAS Foundation द्वारा बताया गया कि संस्था समय-समय पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, खेल एवं युवा विकास से संबंधित सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती रहती है। संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में सभी Volunteers एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में सहभागिता बनाए रखने की अपील की गई। अभियान में शामिल सभी स्वयंसेवकों को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।


