खबरखेल

तुम पर गर्व है बेटे…’, LSG के लिए डेब्यू मैच में अर्जुन तेंदुलकर का कमाल

पिता सचिन तेंदुलकर ने लिखा इमोशनल नोट

नई दिल्ली: लखनऊ सुपर जायंट्स भले ही आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई हो, लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ सीजन के अपने आखिरी मुकाबले में उन्होंने क्रिकेट फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया। लखनऊ ने इस मैच में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर को इस सीजन का पहला मैच खेलने का मौका दिया। पूरे सीजन बेंच पर बैठने के बाद मिले इस मौके को अर्जुन ने दोनों हाथों से लपका और शानदार गेंदबाजी की। बेटे के इस सब्र और प्रदर्शन को देखकर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर काफी भावुक हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अर्जुन के लिए एक बेहद दिल छू लेने वाला संदेश लिखा।

सचिन तेंदुलकर का अर्जुन के नाम भावुक संदेश

सचिन तेंदुलकर ने अर्जुन की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि अर्जुन ने इस पूरे सीजन में खुद को किस तरह संभाला। हमेशा अपनी काबिलियत पर भरोसा रखना, धैर्य बनाए रखना, चुपचाप कड़ी मेहनत करना और आखिरी मैच तक मौके का इंतजार करने के बावजूद सकारात्मक बने रहना वाकई काबिलेतारीफ है। सचिन ने आगे लिखा कि क्रिकेट आपके हुनर के साथ-साथ आपके धैर्य की भी उतनी ही परीक्षा लेता है और अर्जुन ने मैच में दोनों को बहुत खूबसूरती से संभाला। उन्होंने बेटे को सलाह दी कि अपने पैर हमेशा जमीन पर रखना और खेल से उसी तरह प्यार करते रहना जैसे वे हमेशा से करते आए हैं।

बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अर्जुन का प्रदर्शन

लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने आखिरी लीग मैच में अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया, जहां उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना योगदान दिया। पहली पारी में लखनऊ की तरफ से अर्जुन को अंत में बल्लेबाजी का मौका मिला, जहां उन्होंने 5 गेंदों पर 5 रन बनाए और लखनऊ को 196/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद जब वे गेंदबाजी करने आए, तो पावरप्ले के ठीक बाद कप्तान ऋषभ पंत ने उन्हें गेंद सौंपी। अर्जुन ने अपनी एक खतरनाक बाउंसर से पंजाब के इन-फॉर्म ओपनर प्रभसिमरन सिंह को पूरी तरह चकमा दे दिया था, लेकिन विकेट के पीछे खुद कप्तान ऋषभ पंत ने एक बेहद आसान कैच टपका दिया। इस निराशा के बावजूद अर्जुन ने हिम्मत नहीं हारी और बाद में शानदार वापसी करते हुए एक सटीक, कातिलाना यॉर्कर मारकर प्रभसिमरन सिंह को आउट कर दिया। यह इस सीजन का उनका पहला विकेट था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button