श्रीमद् भागवत कथा में गूंजे “नंद के आनंद भयो”, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

भोपाल। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर एम.पी. नगर स्थित रणथंभौर कॉम्प्लेक्स में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में चौथे दिवस भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए। आयोजक विजेंद्र साहू, आवेश साहू एवं ने अपने पूर्वजों की स्मृति में बताया कि 22 मई से 28 मई तक आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा वाचक आचार्य श्री हरिओम महाराज जी ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं मनमोहक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब पृथ्वी पर अत्याचार और अधर्म बढ़ने लगा, तब भगवान विष्णु ने मानव कल्याण और धर्म की स्थापना के लिए श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया। महाराज जी ने देवकी और वासुदेव की कारागार की पीड़ा, कंस के अत्याचार तथा भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य का ऐसा सजीव चित्रण किया कि श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
जैसे ही आधी रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर बाल गोपाल का स्वागत किया तथा झूला झुलाकर विशेष आरती की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भजन-कीर्तन पर झूमते हुए जन्मोत्सव का आनंद लिया।
आचार्य श्री हरिओम महाराज जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, करुणा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण केवल एक अवतार नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाले आदर्श हैं।
कार्यक्रम में साहू समाज के सलाहकार मंडल के अध्यक्ष घनश्याम साहू, संयोजक सुरेंद्र साहू, म.प्र. तैलिक साहू सभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी विवेक साहू, संतोष साहू, विजय साहू, जगदीश साहू, सुनील साहू, दीपक साहू, जगदीश साहू जे.पी., जितेंद्र साहू, इंद्रजीत साहू, कैलाश साहू, मयंक साहू, पिंटू साहू, मनोहर साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


